Gorakhpur News: छात्र नेता के घर फायरिंग मामला में BJP नेता के बेटे समेत 4 पर लगा गैंगस्टर, कुर्क होगी संपत्ति

छात्र नेता उज्ज्वल यादव के घर फायरिंग और उनकी मां से मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बीजेपी नेता के बेटे आर्थक सिंह समेत चार गुर्गों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इनकी अवैध संपत्तियों की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 May 2026, 3:09 PM IST

Gorakhpur: कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर उत्तरी मोहल्ले में छात्र नेता के घर चढ़कर फायरिंग करने और महिला से अभद्रता व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और बीजेपी नेता के बेटे आर्थक सिंह समेत उसके गैंग के चार सक्रिय गुर्गों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार को दर्ज की गई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने गैंग लीडर आर्थक सिंह के अलावा सैफ अली, आलोक सिंह और महेश चौधरी को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

फॉर्च्यूनर से आए बदमाशों ने की थी गुंडागर्दी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पूरी घटना बीते 20 फरवरी की रात को हुई थी। आरोपी लग्जरी गाड़ी (फॉर्च्यूनर) में सवार होकर कोतवाली इलाके में स्थित छात्र नेता उज्ज्वल यादव के घर पहुंचे थे। बदमाशों ने घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग की और उज्ज्वल को बाहर बुलाकर जान से मारने की धमकी दी। जब छात्र नेता की मां संध्या यादव ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो आरोपियों ने क्रूरता दिखाते हुए उनका मुंह दबा दिया, उन्हें थप्पड़ मारे और उनके साथ गंभीर अभद्रता की।

Gorakhpur: जनस्वास्थ्य सुरक्षा के मुद्दे पर दवा व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी दिखाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी आर्थक सिंह समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अवैध पिस्टल से फायरिंग की थी और पूरी वारदात की योजना पहले से बनाई थी। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी तमंचा लहराते, गाली-गलौज करते और महिला से मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस फुटेज को जांच का सबसे अहम हिस्सा बनाया है।

आपराधिक इतिहास और संपत्ति जब्ती की तैयारी

पुलिस के मुताबिक, गैंग लीडर आर्थक सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर गोरखपुर और कुशीनगर के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके गुर्गों पर भी हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

Gorakhpur: गहनों समेत पकड़ा गया चोर थाने से ऐसे हुआ फरार, उड़ गई पुलिस की नींद!

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि इस गैंग के पूरे आपराधिक नेटवर्क और इनकी अवैध आर्थिक गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी अवैध संपत्तियां सामने आएंगी, उन्हें गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्त (कुर्क) करने की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 May 2026, 3:09 PM IST