
हादसा (Img: Google)
Agra: शुक्रवार की शाम आगरा रोड पर ऐसा मंजर दिखा जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। ग्रांड मैरिज होम के सामने तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक ही परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। हादसे में 33 वर्षीय महिला और उसकी तीन साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
सासनी से गांव लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक थाना लोधा क्षेत्र के ताजपुर रसूलपुर निवासी रवि कुमार अपनी पत्नी चंद्रप्रभा और तीन साल की बेटी के साथ बाइक से सासनी से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्रांड मैरिज होम के पास पहुंची, तभी सासनी गेट की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दूर जा गिरी और तीनों सड़क पर छिटक गए।
पति घायल, चालक मौके से फरार
हादसे में रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल रवि कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, लेकिन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। एक साथ मां और बेटी की मौत से परिवार सदमे में है। आसपास के लोगों का कहना है कि आगरा रोड पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
Location : Agra
Published : 14 February 2026, 5:12 AM IST
Topics : Agra Police crime news Road Accident UP News