ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: सेफ्टी बेल्ट टूटी और 14वीं मंजिल से गिरे दो मजदूर, मौके पर मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गोल्फ होम्स फेज-2 की निर्माणाधीन साइट पर बड़ा हादसा हुआ। काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटने से दो मजदूर 14वीं मंजिल से नीचे गिर गए। दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही के आरोप में ठेकेदार को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 August 2026, 1:18 PM IST
google-preferred

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक निर्माणाधीन साइट पर शनिवार शाम ऐसा हादसा हुआ, जिसने सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गोल्फ होम्स फेज-2 की निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे दो मजदूर अचानक 14वीं मंजिल से नीचे गिर गए। दोनों मजदूर सेफ्टी बेल्ट टूटने के बाद अपना संतुलन खो बैठे और छठी मंजिल पर लगे सरिया के स्ट्रक्चर पर जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण साइट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मजदूरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सात महीने से कर रहे थे साइट पर काम

पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूर पिछले करीब सात महीने से गोल्फ होम्स फेज-2 की निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे थे। हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के साहिबगंज थाना क्षेत्र निवासी सरकार (19) और जमाल शेख (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी इसी निर्माण साइट पर काम करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

सेफ्टी बेल्ट खुलने से हुआ हादसा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूरों ने सुरक्षा बेल्ट पहन रखी थी। काम करने के दौरान किसी वजह से बेल्ट खुल गई या उसमें खराबी आ गई, जिसके बाद दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे ऊंचाई से नीचे जा गिरे। 14वीं मंजिल से गिरने के बाद दोनों मजदूर छठी मंजिल पर बने सरिया के स्ट्रक्चर पर गिरे। लोहे की सरियों से गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।

सुरक्षा मानकों की होगी जांच

हादसे के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण साइट पर सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता, मजदूरों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और काम के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जांच कर रही है। दोनों मजदूरों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोप में निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में लिया है। वहीं साइट सुपरवाइजर से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Greater Noida West

Published :  23 August 2026, 1:18 PM IST

Advertisement