
विधायक जाहिद बेग का आरोप (Source: Dynamite News)
Bhadohi: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग और भाजपा पदाधिकारियों के बीच कथित कहासुनी के बाद विधायक बैठक में शामिल हुए बिना ही वापस लौट गए। बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा नेताओं पर दुर्व्यवहार और अपशब्द कहने का आरोप लगाया तथा अपनी जान को खतरा होने की बात कही।
जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक से पहले डीएम कार्यालय के गेस्ट रूम में मौजूद जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। विधायक जाहिद बेग का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि घटना के समय प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। विधायक ने कहा कि उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन माहौल को देखते हुए उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में छात्रों के प्रदर्शन और भाजपा नेता से कथित अभद्रता के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर जाहिद बेग ने बयान दिया था। भाजपा नेताओं का आरोप है कि विधायक ने उन्हें "गुंडा" कहा था। हालांकि विधायक ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान भाजपा नेताओं के लिए नहीं था, बल्कि उन लोगों के लिए था जो छात्रों के घर जाकर दबाव बना रहे थे।
बैठक स्थल से बाहर निकलने के बाद विधायक ने कहा, "सत्ता के दबाव में हमारी आवाज बंद नहीं कर पाएंगे। चाहे जेल भेज दीजिए या हमारा घर गिरा दीजिए, लेकिन हम जनता की आवाज उठाना नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपशब्द कहने वाले कुछ लोगों से अपनी जान का खतरा है।
जाहिद बेग ने छात्रों पर दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और छात्रों सहित आम लोगों के हितों की आवाज उठाना उनका दायित्व है।
घटना के बाद कुछ समय तक बैठक स्थल पर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Location : Bhadohi
Published : 29 July 2026, 1:36 PM IST
Topics : Bhadohi News UP Politics Zahid Baig