बरेली हिंसा मामले में बड़ा अपडेट : तौकीर रजा और करीबियों पर 145 करोड़ का शिकंजा, होटल से मैरिज लॉन तक कार्रवाई

बरेली में 26 सितंबर के उपद्रव के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा और उसके करीबियों पर पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। नौ माह में करीब 145 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां सीज और ध्वस्त की गई हैं। वहीं, 101 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और 119 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 July 2026, 5:23 PM IST
google-preferred

Bareilly : 26 सितंबर के उपद्रव के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा और उसके करीबियों पर पुलिस-प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नौ माह के भीतर प्रशासन ने करीब 145 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को सीज और ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई के दायरे में दो ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, तीन मैरिज लॉन समेत होटल, दुकानें, जिम, फैक्ट्री और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। वहीं, मामले में अब तक 101 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि 119 लोगों के विरुद्ध कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

उपद्रव के बाद शुरू हुआ कार्रवाई का सिलसिला

कानपुर के ‘आई लव मुहम्मद’ प्रकरण की आड़ में 26 सितंबर को बरेली में हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने तौकीर रजा को मुख्य आरोपी बनाया। आरोप है कि दंगाइयों ने पुलिस पर हमला किया। फायरिंग की, एसिड और पेट्रोल बम फेंके तथा शहर में तोड़फोड़ और आगजनी का प्रयास किया। हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

10 मुकदमे, 101 गिरफ्तार, 119 पर चार्जशीट

घटना के बाद कोतवाली, बारादरी, किला, कैंट और प्रेमनगर थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज किए गए। दो अन्य मुकदमे शिकायतकर्ताओं की तहरीर पर दर्ज हुए। 27 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर फतेहगढ़ जेल भेज दिया गया, जहां वह अब भी बंद है। पुलिस अब तक 101 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और 119 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

रात से लापता MR, खाई में पड़ी बाइक और लाश… बरेली में दवा सप्लाई के दौरान क्या हुआ कौशल के साथ?

ये संपत्तियां हुईं सीज और ध्वस्त

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रशासन ने तौकीर रजा और उसके करीबियों की 50 दुकानें, एक होटल, पांच मैरिज लॉन, एक स्कूटी एजेंसी, एक सर्विस सेंटर, दो जिम, एक मोटर वायरिंग कारखाना, एक बर्फ फैक्ट्री और एक मकान सीज किया है। इसके अलावा, दो ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और तीन मैरिज लॉन को ध्वस्त किया गया है।

एसएसपी बोले-  तुरंत मिला पुलिस बल

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि 26 सितंबर की घटना के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा और उसके करीबियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार सीज और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जहां भी प्रशासन ने पुलिस बल की मांग की। उसे तत्काल उपलब्ध कराया गया। अब तक करीब 145 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

Location :  Bareilly

Published :  4 July 2026, 5:23 PM IST

Advertisement