
रजिया ने शादी के लिए बदला धर्म (Img: AI Generated Image)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में हरदोई की रहने वाली 19 वर्षीय युवती रजिया के सनातन धर्म अपनाने और हिंदू युवक तोताराम से शादी करने का मामला सामने आया है। युवती ने अब अपना नाम गौरी रखने की बात कही है। दोनों के मुताबिक उनकी मुलाकात करीब चार साल पहले राजस्थान के एक ईंट भट्ठे पर हुई थी। बातचीत से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया और अब दोनों ने शादी कर साथ रहने का फैसला किया है।
रजिया के मुताबिक, कुछ साल पहले वह राजस्थान में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात बरेली के फरीदपुर निवासी तोताराम से हुई। तोताराम ने बताया कि दोनों की पहली बातचीत पानी की टंकी के पास हुई थी। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और आपस में बातचीत शुरू हो गई।
धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों का कहना है कि करीब चार साल से वे एक-दूसरे को जानते हैं और इसी दौरान उन्होंने शादी करने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा, रक्षाबंधन पर बाजारों में सादे कपड़ों में रहेंगी महिला पुलिसकर्मी
रजिया ने बताया कि राजस्थान से वापस आने के बाद उसे पता चला कि परिवार ने उसकी शादी रिश्तेदारी में ही तय कर दी है। शादी इस्लामी रीति-रिवाज से होनी थी। इसके बाद उसने अपने प्रेमी तोताराम के साथ शादी करने का फैसला लिया। दोनों बरेली स्थित अगस्त मुनि आश्रम पहुंचे। वहां युवती ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने की बात कही और हिंदू रीति-रिवाज से तोताराम के साथ विवाह किया।
गौरी का कहना है कि उसे भगवान शिव में पहले से आस्था रही है। उसने बताया कि वह पूजा-पाठ करती थी और सावन के दौरान भगवान शिव की आराधना भी करती थी। उसके मुताबिक, अब उसने अपनी इच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया है और उसे इस फैसले के बाद अच्छा लग रहा है। गौरी ने बताया कि वह ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं है और उसके परिवार में दो भाई और दो बहन हैं। शादी के बाद दोनों ने कहीं बाहर जाकर काम करने की योजना बताई है।
ये भी पढ़ें- सावन के आखिरी सोमवार को स्नान करते-करते अचानक गहरे पानी में समा गया युवक, घाट पर मची चीख-पुकार
शादी के बाद गौरी ने अपने परिवार से जान का खतरा होने की बात कही है। उसका दावा है कि परिवार को उसके घर से चले जाने और हिंदू युवक से शादी करने की जानकारी हो चुकी है। उसने विशेष रूप से पिता और चचेरे भाइयों से खतरा बताया है। दंपती अब पुलिस अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा की मांग करने की बात कह रहा है। मामले में आगे पुलिस की कार्रवाई और दोनों की सुरक्षा को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।
Location : Bareilly
Published : 24 August 2026, 6:02 PM IST
Topics : bareilly news Gauri UP News Wedding Drama