
Symbolic Photo
Bareilly: बरेली पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 516 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
विशेष अभियान के तहत हुई बरामदगी
एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद स्तर पर प्रत्येक माह गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संबंधित अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और जनपदीय सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता और पोर्टल के माध्यम से लगातार प्रयास करते हुए जनवरी 2026 में 516 मोबाइल फोन बरामद किए।
रायबरेली में 8 साल के बच्चे की मौत से माता-पिता हुए बेसहारा, स्कूल जाते समय हुआ था हादसा
कार्यक्रम में सौंपे गए मोबाइल
दिनांक 4 फरवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, जनपद बरेली ने बरामद मोबाइल फोनों को उनके स्वामियों को सौंपा। मोबाइल पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।
टीम को किया गया सम्मानित
इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद बरेली द्वारा अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कैंट, शाही, अलीगंज, क्योलड़िया और फतेहगंज पूर्वी थानों की साइबर सेल को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र और 2000 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
अब तक 3,648 मोबाइल बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 3648 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये है।
अभियान रहेगा जारी
बरेली पुलिस ने आम जनमानस को आश्वस्त किया है कि इस तरह की जनहितकारी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि गुमशुदा मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा सके।
Location : Bareilly
Published : 4 February 2026, 8:52 PM IST