
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: AI)
Bareilly: बरेली में एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। उत्तराखंड के रुद्रपुर से बरेली के मनौना स्थित खाटू श्याम मंदिर जा रहे बैंक के फाइनेंस कर्मी विकास कुमार और उनके दोस्त पीयूष की हादसे में मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों बाइक से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मीरगंज फ्लाईओवर पर पीछे से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। विकास की शादी 25 नवंबर को होनी थी, लेकिन उससे पांच दिन पहले ही परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया।
उत्तराखंड के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्णानगर निवासी विकास कुमार बैंक में फाइनेंस कर्मी थे। उनकी शादी 25 नवंबर को होनी थी। परिवार के लोग शादी समारोह के निमंत्रण बांटने और बाजार से खरीदारी करने में जुटे थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
प्रतापगढ़ में हाईवे पर फॉर्च्यूनर-स्कॉर्पियो की टक्कर से हड़कंप, 10 साल का मासूम गंभीर घायल
इसी बीच विकास ने बरेली के मनौना स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने की इच्छा जताई। इसके बाद गुरुवार देर शाम वह अपने दोस्तों पीयूष और प्रिंस के साथ बाइक से मंदिर के लिए रवाना हो गए। तीनों उत्तराखंड से बरेली के मनौना जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बाइक विकास चला रहे थे और उनके पीछे पीयूष बैठे थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि प्रिंस सबसे पीछे बैठे थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी बाइक बरेली-दिल्ली हाईवे पर मीरगंज फ्लाईओवर पहुंची, तभी पीछे से आए वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे।
अन्य वाहन सवारों की सूचना पर थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रिंस को बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हादसे में विकास और पीयूष के हेलमेट भी चकनाचूर हो गए। इस संबंध में पुलिस की ओर से संभावना जताई गई कि हेलमेट अच्छी गुणवत्ता के नहीं रहे होंगे।
अमेठी में ठंड से पहले एक्शन में DM शशांक चौधरी, खामियां देख अधिकारियों को लगाई फटकार
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने भी बताया कि विकास की शादी 25 नवंबर को होनी थी और पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन का पता लगाने में जुटी है।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कुछ घंटे पहले तक जिस घर में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं, वहां शुक्रवार को स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखते नजर आए। प्रिंस के पिता जमाल भी बेटे को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि दोस्तों की जिद पर प्रिंस भी उनके साथ मंदिर जाने के लिए निकले थे।
Location : Bareilly
Published : 21 November 2026, 2:04 AM IST