Bareilly News: बरेली में जमीन विवाद बना मासूम की मौत की वजह, यहां पढ़े पूरी खबर

बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 6:10 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के हरेली अलीपुर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद दर्दनाक हादसे में बदल गया। आरोप है कि मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान दादी की गोद से गिरने पर तीन माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

जमीन के विवाद ने लिया दुखद मोड़

जानकारी के अनुसार गांव निवासी मौजी लाल और उनके भाई रामकिशन का अपने चाचा वीरपाल से जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार रात वीरपाल शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया तो उसने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद घर के भीतर ही मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने लगे, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई।

दादी की गोद से छिटककर गिरा मासूम

मारपीट के दौरान रामकिशन की मां विमला देवी अपने तीन माह के पोते रामलड़ैते को गोद में लेकर झगड़ा शांत कराने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें जोर से धक्का दिया गया। धक्का लगने से बच्चा उनकी गोद से छिटककर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार के लोग तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौजी लाल की शिकायत पर वीरपाल, राजेश, अर्जुन, विनीत और अंकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी वीरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन माह पहले मां की भी हुई थी मौत

इस घटना ने परिवार के पुराने जख्म भी ताजा कर दिए हैं। परिजनों के अनुसार तीन माह पहले बच्चे की मां की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद से मासूम की देखभाल उसकी दादी विमला देवी कर रही थीं। अब बच्चे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और गांव में भी शोक का माहौल है।

Location :  Bareilly

Published :  19 June 2026, 6:10 PM IST