बरेली में मौत का सफर: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 50 घायल, 25 की हालत नाजुक

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुए एक बड़े हादसे ने यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। राहत-बचाव के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और कई लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। आखिर हादसा कैसे हुआ और मौके पर क्या हालात थे, जानिए पूरी रिपोर्ट।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 July 2026, 2:18 PM IST

Bareilly: दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 50 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चीख-पुकार के बीच मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 25 से अधिक यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

तड़के 4 बजे चीख-पुकार में बदली यात्रियों की नींद

यह दर्दनाक हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास हुआ। दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर जा रही यह स्लीपर बस जब हाईवे से गुजर रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार झटके और बस पलटने से अंदर फंसे यात्रियों में कोहराम मच गया। अंधेरे और बदहवासी के बीच कई यात्री बस के मलबे और सीटों के बीच ही फंस कर रह गए।

Bareilly News: पति रचता था साजिश, वकील पत्नी देती थी कानूनी ढाल, जानिए कैसे लोगों को फंसाकर लाखों ऐंठता था बर्खास्त सिपाही

इलाज कराकर लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने कई परिवारों को जिंदगी भर का जख्म दे दिया है। पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद परवेज अपनी पत्नी नगमा और डेढ़ साल के मासूम बेटे फैज के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। फैज का दिल्ली में इलाज चल रहा था और परिवार घर वापसी कर रहा था। इस हादसे में नगमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि डेढ़ साल के मासूम फैज का एक हाथ टूट गया और वह बेहोश हो गया। परवेज को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही नगमा ने बताया कि बस किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई थी, बल्कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह भयावह हादसा हुआ।

जांबाज पुलिसकर्मियों ने शीशे तोड़कर बचाई मासूमों और यात्रियों की जान

हादसे की भयावहता को देखते हुए सीबीगंज पुलिस सूचना मिलते ही तुरंत ऐक्शन में आई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस के अंदर फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े। कटर और डंडों की मदद से शीशे हटाकर एक-एक कर सभी 50 से अधिक घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।

Bareilly News: खुद को एडीएम बताने वाली फर्जी आईएएस विप्रा पर एक और FIR, लेखपाल नौकरी के नाम पर 8.35 लाख की ठगी

झपकी बनी काल, जांच में जुटी पुलिस

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हालांकि, घायल यात्रियों के बयानों और शुरुआती तफ्तीश के आधार पर प्रथम दृष्टया यही माना जा रहा है कि भोर के समय चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम जिला अस्पताल और निजी सेंटरों में गंभीर रूप से घायल 25 यात्रियों की जान बचाने में जुटी है।

Location :  Bareilly

Published :  9 July 2026, 2:18 PM IST