
प्रशासन के सामने रखीं 3 मांगें (Image Source: Dynamite News)
Bareilly: बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के पचपेड़ा गांव निवासी भगवान सिंह की मौत के मामले में शनिवार को दिनभर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। पोस्टमार्टम के बाद जब उनका शव घर पहुंचा तो परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन मांगें रख दीं। परिवार ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भगवान सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिवार की पहली मांग है कि सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम दर्ज हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। दूसरी मांग के तहत सरकार से परिवार को डेढ़ करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई है। वहीं, तीसरी मांग कथित तौर पर फर्जी तरीके से दूसरे के नाम दर्ज कराई गई जमीन को वापस भगवान सिंह के परिवार के नाम करने की है।
परिजनों को मनाने के लिए दिनभर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बातचीत करते रहे, लेकिन देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका। बहेड़ी के अलावा शेरगढ़, शीशगढ़, भोजीपुरा और देवरनिया थानों की पुलिस भी गांव में तैनात रही।
मामले में देर शाम उत्तराखंड के भाजपा नेता और भगवान सिंह के जीजा सुखदेव सिंह नामधारी ने प्रेस कांफ्रेंस कर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम से पहले जिले के आला अधिकारियों ने परिवार को उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन अब अधिकारी अपनी बात से पीछे हटते नजर आ रहे हैं।
UP Crime: सुलतानपुर में संपत्ति के लिए अपनों ने बहाया खून, चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार
नामधारी के मुताबिक, अधिकारियों ने परिजनों से कहा था कि पहले पोस्टमार्टम करा लिया जाए, इसके बाद उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। मृतक के ससुर भगत सिंह ने जमीन का मुद्दा उठाते हुए मांग की थी कि जिस जमीन को कथित तौर पर गलत तरीके से केपी सिंह और उनके परिवार के नाम दर्ज कराया गया है, उसे रिकॉर्ड से हटाकर भगवान सिंह के परिवार के नाम किया जाए। नामधारी का कहना है कि उस समय अधिकारियों ने इस मांग पर भरोसा दिया था, लेकिन अब उस पर अमल नहीं हो रहा है।
भगवान सिंह की मौत के बाद भड़का परिवार (Image Source: Dynamite News)
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को टालने और निपटाने की कोशिश कर रहा है। उन्हें आशंका है कि अधिकारी अंतिम संस्कार होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि बाद में परिवार की आवाज कमजोर पड़ जाए। उन्होंने भगवान सिंह की मौत के मामले में आरोपित लोगों को बचाने की कोशिश का भी आरोप लगाया। साथ ही केपी सिंह पर गैंग बनाकर काम करने और जिला प्रशासन पर उनका साथ देने का आरोप लगाया।
प्रेस कांफ्रेंस में सुखदेव सिंह नामधारी ने ऐलान किया कि रविवार सुबह 10 बजे सभी लोग गुरुद्वारे में एकत्र होंगे। इसके बाद शव लेकर थाने के सामने धरना दिया जाएगा। उन्होंने किसान संगठनों, धार्मिक जत्थेबंदियों और सामाजिक संस्थाओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर परिवार का साथ देने की अपील की।
नामधारी ने कहा कि आज भगवान सिंह के साथ जो हुआ है, कल किसी और के साथ भी ऐसा हो सकता है। उनके मुताबिक, यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि इंसाफ और किसानों के सम्मान का सवाल है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने भी स्पष्ट कर दिया है कि कार्रवाई नहीं होने पर वह अपनी बेटी और भगवान सिंह के बच्चों के साथ आगे का कदम उठाने को मजबूर होंगे।
डेढ़ साल पहले चोरी कर हुआ था फरार, झांसी पुलिस ने जालौन में दबोचा चोर; 13 हजार रुपये बरामद
जब नामधारी से पूछा गया कि वह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं, उनके बेटे उत्तराखंड में किसान आयोग के उपाध्यक्ष हैं और उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है, तो क्या मामला सरकार तक पहुंचाया गया है, उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मामला अभी सरकार के उच्च स्तर तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी के निधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस समय वहां हैं, इसलिए वह सरकार पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि जिले का प्रशासन अपने स्तर पर ढिलाई बरत रहा है।
नामधारी ने यह भी बताया कि भगवान सिंह ने करीब चार महीने पहले लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल को खतरा बताया था। इस संबंध में उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस भी की थी, जिसमें इकबाल सिंह उनके साथ मौजूद थे। अब सवाल उठ रहा है कि पहले से खतरे की आशंका जताने वाली शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई थी, फिलहाल भगवान सिंह का शव घर पर है और परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। रविवार सुबह होने वाले धरने के ऐलान के बाद अब प्रशासन के अगले कदम पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
Location : Bareilly
Published : 21 November 2026, 11:48 PM IST