
हादसे में क्षतिग्रस्त कार (सोर्स: इंटरनेट)
Bareilly: बरेली के सीबीगंज में हुआ सड़क हादसा अब सिर्फ एक्सीडेंट नहीं, बल्कि अपहरण और साजिश की खौफनाक कहानी बनता जा रहा है। हाईवे पर टैंकर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो से जब दो मासूम बच्चे घायल हालत में मिले, तब तक किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मामला सीधे गुरुग्राम से हुए किडनैपिंग केस से जुड़ जाएगा। अब बच्चों की पहचान होने के बाद पूरे केस ने सनसनी फैला दी है। हादसे में कई लोगों की मौत हुई, लेकिन इसके पीछे की आपराधिक परतें अब एक-एक कर खुल रही हैं।
पूरा मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास का है, जहां सड़क किनारे खड़े शीरा से भरे टैंकर में तेज रफ्तार बोलेरो जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार फरीदपुर, सिकंदर और विशेष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामपुर निवासी प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो में सवार दो छोटे बच्चे भी बुरी तरह घायल मिले।
इस दर्दनाक हादसे में सिर्फ बोलेरो सवार ही नहीं, बल्कि पीछे से आ रहे बाइक सवार भी चपेट में आ गए। हादसे के बाद बाइक सवार मुमतियाज और साहब खान की भी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह यह हादसा कुल मिलाकर 5 लोगों की जान ले गया और मामला और भी ज्यादा गंभीर हो गया।
पुलिस जांच में अब बड़ा खुलासा हुआ है। बोलेरो में घायल मिले दोनों बच्चों की पहचान गुरुग्राम के डीएलएफ थाना क्षेत्र के रहने वाले 6 वर्षीय मयूर और 3 वर्षीय लक्ष्य के रूप में हुई है। दोनों बच्चों के साथ उनके पिता मनोज का भी अपहरण किया गया था। मनोज पेशे से ऑटो चालक हैं और गुरुग्राम के नाथूपुर एस ब्लॉक में परिवार के साथ रहते हैं।
बच्चों की मां पूजा ने 4 अप्रैल को गुरुग्राम के डीएलएफ थाने में अपने पति और दोनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, अपहरण से दो दिन पहले मनोज की एक अज्ञात व्यक्ति से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद पूरा मामला संदिग्ध हो गया था। अब बरेली हादसे में बच्चों के मिलने के बाद इस मुलाकात को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
बरेली पुलिस ने बच्चों की पहचान होने के बाद उनकी मां पूजा को सूचित कर दिया है और उन्हें बुलाया गया है। वहीं पिता मनोज का अब भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस इस पूरे मामले को सड़क हादसा मानकर नहीं चल रही, बल्कि इसे संगठित अपहरण और अपराध के एंगल से खंगाल रही है। आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है।
Location : Bareilly
Published : 6 April 2026, 6:54 PM IST