
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट
Banda : सावन सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर बांदा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को पुलिस के आला अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे। पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने भारी पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में रूट मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी और एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि सावन सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान हर स्थिति पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात जवान पूरी सतर्कता के साथ काम करें और श्रद्धालुओं व आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखें।
रूट मार्च के बाद डीआईजी राजेश एस. और एसपी पलाश बंसल प्रसिद्ध बाम्बेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सावन सोमवार के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन का फोकस यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और भीड़ को नियंत्रित तरीके से संचालित करने पर है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
Location : Banda
Published : 8 August 2026, 11:10 PM IST