क्या स्वास्थ्य मंत्रालय ‘Sick Leave’ पर है? बांदा मेडिकल हादसे पर अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला

बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक के हॉल में सो रहे परिजनों के बीच से आवारा कुत्ते एक मृत नवजात का शव उठा ले गए और उसके हाथ-पैर नोंच डाले। जिस पर अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 3 November 2026, 12:43 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के बांदा स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से एक बेहद विचलित करने वाली और प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलने वाली घटना सामने आई है। यहां अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक के हॉल से आवारा कुत्ते एक मृत नवजात का शव उठा ले गए और उसे बुरी तरह नोंच डाला। मासूम के हाथ और पैर घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर पड़े मिले, जबकि परिजन अस्पताल परिसर में ही सो रहे थे। इस घटना के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

क्या हुआ है और कैसे बीती रात?

गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द निवासी गनेश ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी गुड़िया को प्रसव पीड़ा होने पर 102 एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। एंबुलेंस में ही बच्चे का जन्म हो चुका था, जिसके बाद प्रसूता को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सुशील ने रात करीब 12:30 बजे परिजनों को मृत नवजात सौंपा। परिजन शव को लेकर ओटी ब्लॉक के हॉल में पहुंचे, जहां गनेश बेंच पर और उनकी भाभी ऊषा फर्श पर लेट गए। रात का समय होने के कारण दोनों को नींद आ गई। इसी दौरान परिसर में घूम रहे आवारा कुत्ते वहां पहुंचे और मृत नवजात का शव उठा ले गए।

UP Breaking News Live: सियासत का गलियारा हो या जुर्म की दुनिया, पल-पल की अपडेट्स के लिए बने रहिए हमारे साथ

रात करीब तीन बजे जब गनेश की आंख खुली, तो उन्होंने शव को गायब पाया। तलाश करने पर हॉल से लगभग 50 मीटर दूर कॉरिडोर में नवजात के दोनों हाथ और दोनों पैर पड़े मिले, हालांकि सिर और धड़ का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद सुबह करीब सात बजे परिजनों ने नवजात के अवशेषों को केन नदी में प्रवाहित कर दिया। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।

प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रिया

घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए एक्स पर लिखा, "भाजपा राज में जब जीवित का ही ख्याल रखनेवाला कोई नहीं है, तो मृत के लिए क्या अपेक्षा करना। जो लोग बरेली में रैली करने आ रहे हैं वो बगल के उस शाहजहांपुर भी चलें जाएं जहाँ कभी वो शिलान्यास करने गए थे और देखें कि भाजपा राज में किस तरह पूरा उप्र ‘मेडिकल अराजकता’ के दौर से गुजर रहा है। उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य मंत्रालय ‘Sick Leave’ पर है क्या?"

अयोध्या में 30 लाख दीयों के बीच होगा भव्य नजारा! सरयू तट पर एक साथ महाआरती करेंगे 2,147 अर्चक

दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन ने इस पूरी घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक माना है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन गार्डों की सेवा समाप्त करने के लिए पत्र लिखा है, साथ ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ मीनाक्षी से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।

Location :  Lucknow

Published :  3 November 2026, 12:43 PM IST