बलरामपुर के मेधावियों ने गाड़ा सफलता का झंडा, अंशुमान और भावना बने जिले के ‘सिरमौर’

बलरामपुर के मेधावियों ने यूपी बोर्ड 2026 में सफलता का परचम लहराते हुए जिले का मान बढ़ाया है। हाईस्कूल में 87% और इंटर में 80.49% छात्र सफल रहे, जिसमें अंशुमान गुप्ता ने 94.67% और भावना यादव ने 91.60% अंक पाकर जिले में टॉप किया है।

Updated : 23 April 2026, 9:13 PM IST
Balrampur News:  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार को घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में बलरामपुर जिले के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के मेधावियों ने न केवल उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए, बल्कि प्रदेश की वरीयता सूची में जिले की स्थिति को भी मजबूती दी है। हाईस्कूल में जिले का कुल पास प्रतिशत 87 रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 80.49 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए।
क्या है पूरी खबर?

हाईस्कूल परीक्षा के नतीजों में उतरौला के भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज का जलवा रहा। यहाँ के छात्र अंशमान गुप्ता ने 94.67 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले की टॉपर्स सूची में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, स्कॉलर्स एकेडमी इंटर कॉलेज (उतरौला) के अनुभव मिश्रा और अरुण कुमार ने 94.33 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाकर अपनी प्रतिभा साबित की। आंकड़ों पर गौर करें तो हाईस्कूल में पंजीकृत 20,855 परीक्षार्थियों में से 19,852 परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 17,272 छात्रों ने सफलता का स्वाद चखा।
जिले में तीसरा स्थान प्राप्त

इंटरमीडिएट में बलरामपुर सिटी मोंटेसरी इंटर कॉलेज की छात्रा भावना यादव ने 91.60 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। श्री राम तीर्थ इंटर कॉलेज, गौरा गुमरी के अमर जीत 91.20 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहे, जबकि H.R.A. इंटर कॉलेज उतरौला के मोहम्मद रेहान ने 90.80 प्रतिशत अंक लाकर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट में कुल 15,309 पंजीकृत छात्रों में से 14,657 परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 11,798 उत्तीर्ण हुए।
विद्यालयों में टॉपर्स की सूची में बेटियों ने अपनी  बनाई जगह

इस वर्ष के परिणामों में उतरौला तहसील एक बड़े एजुकेशन हब के रूप में उभरी है। अकेले स्कॉलर्स एकेडमी, उतरौला से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर कुल 4 छात्रों ने जिले की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है।जिले के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों के मुकाबले बेहतर रहा। अधिकांश विद्यालयों में टॉपर्स की सूची में बेटियों ने अपनी जगह बनाई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बलरामपुर को प्रदेश स्तर पर हाईस्कूल में 64वां और इंटर में 44वां स्थान मिला है, जो पिछले वर्षों की तुलना में एक सकारात्मक सुधार है।
परिणाम घोषित होते ही स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल बन गया। सफल छात्रों ने अपने शिक्षकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं परिजनों ने भी मिठाइयों के साथ खुशियाँ मनाईं। मेधावियों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के कठिन परिश्रम को दिया है।

Location :  Balrampur

Published :  23 April 2026, 9:13 PM IST