हिंदी
मौके पर पुलिस
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के उतरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपराराम में गांव में घूमने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक धनराज मौर्य की लखनऊ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे मीनादेवी, हीरालाल मौर्य, सोहन लाल मौर्य और आकाश मौर्य पर भी जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल मीनादेवी का उपचार अभी भी अस्पताल में जारी है।
युवक की मृत्यु की सूचना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बलरामपुर-बस्ती मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी उतरौला और गैंडास बुजुर्ग व उतरौला थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। परिजनों ने एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार की सुरक्षा और सभी दोषियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्रीय विधायक राम प्रताप वर्मा और चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता मौके पर पहुंचे। विधायक वर्मा ने शोकाकुल परिवार को तत्काल दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और शासन स्तर से हरसंभव वैधानिक मदद का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार पर सहमति जताई और मार्ग से जाम हटाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीओ राघवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार पांच नामजद अभियुक्तों को पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका था, जबकि एक अन्य फरार अभियुक्त को भी अभिरक्षा में ले लिया गया है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। शव गांव पहुंचने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Location : Balrampur
Published : 31 May 2026, 2:16 PM IST
Topics : Balrampur DM Balrampur sp Balrampur