
निदान फार्मेसी
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के गौरा बाजार थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम सभा सेवरहा के मजरा भरभरिया निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला लखराजी अपनी नातिन की शादी की खरीदारी के लिए गौरा चौराहा आई थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार महिला इलाज और दवा लेने के लिए स्थानीय स्तर पर संचालित निदान फार्मेसी पहुंचीं, जहां कथित तौर पर डॉक्टर समीउल्ला द्वारा उनका उपचार किया गया। आरोप है कि दवा या इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद महिला की हालत गंभीर हो गई और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद संचालक ने परिवार को सूचना देने के बजाय खुद की कार से उन्हें जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। आरोप है कि वहां महिला को लावारिस हालत में छोड़कर वह मौके से फरार हो गया।
बाहर से घर और अंदर घुसते ही ड्रग्स का गोदाम, महराजगंज पुलिस ने किया नशे के सौदागर का खुलासा
काफी देर तक जब महिला घर नहीं पहुंचीं तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की। बाद में अस्पताल पहुंचने पर उन्हें महिला की मौत की जानकारी मिली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते सही इलाज और सूचना दी जाती तो शायद महिला की जान बच सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक पल्टू राम शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी मुकेश रस्तोगी से फोन पर बातचीत की।
विधायक ने जिले में चल रहे अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महराजगंज में 38 लाख की सड़क पर बवाल, घटिया निर्माण का आरोप लगाकर रुकवाया काम
थाना प्रभारी हरीश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिल चुकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और झोलाछाप डॉक्टरों को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोग स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं।
Location : Balrampur
Published : 9 May 2026, 8:00 PM IST