
गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता (Img- Internet)
Balrampur: गो-तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पचपेड़वा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस ने एक बड़े तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
28 अप्रैल की रात जब पूरा इलाका शांत था तभी पुलिस को मुखबिर से गो-तस्करी की सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तस्करों ने पिकअप वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। इसी दौरान सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
भागने की कोशिश में तस्करों ने वाहन को तेज और अनियंत्रित तरीके से चलाया, जिससे एक सिपाही और कुछ स्थानीय ग्रामीण उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी और रणनीति के साथ वाहन को चारों ओर से घेर लिया।
वाहन को रोकने के बाद पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसमें चार गोवंशीय पशु क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखे गए थे। सभी पशुओं को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।
इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक बिहार का और दूसरा Maharajganj का रहने वाला है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह पशु नेपाल सीमा पार कराए जाने थे और इसके लिए संगठित सिंडिकेट काम कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क सीमा पार तक फैला हुआ है। तस्करों का उद्देश्य पशुओं को अवैध रूप से नेपाल भेजना था, जहां इसके बदले मोटी रकम दी जाती थी। यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा है।
बलरामपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 78% अभ्यर्थियों ने दी लिखित परीक्षा
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी केवल मोहरे हैं। इस पूरे रैकेट के असली मास्टरमाइंड अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
घायल सिपाही और ग्रामीणों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Balrampur
Published : 29 April 2026, 11:33 AM IST