
तटबंध की सुरक्षा पर प्रशासन सतर्क
Balrampur: संभावित बाढ़ और नदी के कटान से बचाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय ने बलरामपुर सदर तहसील के कोडरीघाट तटबंध का औचक निरीक्षण कर बाढ़ रोधी इंतजामों को परखा।
इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों की जमीनी स्थिति देखी और विभागीय अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने की हिदायत दी।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और मौजूद अधिकारियों से अब तक की प्रगति का ब्योरा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तटबंध की मजबूती से कोई समझौता नहीं होगा और सभी संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा कार्य तेज गति से पूरे किए जाएं, ताकि जलस्तर बढ़ने की दशा में किसी तरह की क्षति न हो। उन्होंने नदी के बहाव और जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने का हुक्म दिया।
प्रशासनिक टीम ने बताया कि जिले में नदी किनारे के जितने भी कटान वाले इलाके हैं, वहां टीमों की तैनाती की जा चुकी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बोरिया, बालू और जरूरी उपकरण पर्याप्त मात्रा में जुटाए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद बाढ़ खंड के सहायक अभियंता अंकित वर्मा को भी काम में तेजी लाने और निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
Location : Balrampur
Published : 27 July 2026, 6:46 AM IST
Topics : Additional District Magistrate Balrampur Embankment Inspection Flood Preparedness kodarighat embankment