
दिवंगत शिक्षक के परिवार को मिले 49.68 लाख रुपये (Img-dynamite news)
Ballia: मुश्किल वक्त में अपनों का साथ कितना मायने रखता है, इसकी मिसाल बलिया में देखने को मिली है। टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) ने प्राथमिक विद्यालय बभनौली, बेरुआरबारी के दिवंगत शिक्षक राकेश सिंह के परिवार को 49.68 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी है। पति के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहीं उनकी पत्नी निशा सिंह ने संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार जताया है।
प्राथमिक विद्यालय बभनौली में कार्यरत शिक्षक राकेश सिंह का निधन हार्ट अटैक से हो गया था। उनके जाने के बाद परिवार के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो गईं। ऐसे समय में टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने अपने सदस्यों के सहयोग से परिवार को आर्थिक मदद पहुंचाई। संस्था की ओर से निशा सिंह को 49.68 लाख रुपये से अधिक की धनराशि दी गई है।
ये भी पढ़े: मासूम की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, बलिया में तीन शिक्षक पहुंचे सलाखों के पीछे
टीएससीटी प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का एक समूह है। संस्था का उद्देश्य किसी सदस्य के निधन के बाद उसके परिवार को आर्थिक सहारा देना है। इस बार भी संस्था ने प्रदेश के 20 परिवारों को करीब 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई। इनमें राकेश सिंह का परिवार भी शामिल रहा। उनकी पत्नी निशा सिंह की मदद के लिए प्रदेश के 3 लाख 31 हजार से अधिक सदस्यों ने 15-15 रुपये का योगदान दिया। इस सहयोग में बलिया जिले के 6,733 सदस्य भी शामिल रहे।
पति के निधन के बाद परिवार को मिले आर्थिक सहयोग पर निशा सिंह ने टीएससीटी के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में आर्थिक संबल देने के लिए वह संस्था के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद, महामंत्री सुधेश पांडे, कोषाध्यक्ष संजीव रजक के साथ जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा सभी सदस्यों की आजीवन आभारी रहेंगी।
ये भी पढ़े: बलिया : खेत में गोबर फेंकने गई थी युवती, लौटकर इशारों में मां को बताई ऐसी बात कि मच गया हड़कंप!
टीएससीटी अब तक बलिया जिले के नौ दिवंगत शिक्षक और शिक्षामित्रों के परिवारों की आर्थिक मदद कर चुकी है। इनमें राकेश सिंह के अलावा सत्येन्द्रनाथ त्रिपाठी (सरयां डीहूभगत, बिल्थरारोड), अशोक यादव (जिगड़ीसर, मनियर), लालजी राम (छितौना, नगरा), दिनेश दूबे (निपनिया, मनियर), राजकुमार पांडे (बांसडीह), रिंटू राय (संदवापुर, पंदह), सुरेन्द्रनाथ सिंह (शिवपुर, बसंतपुर) और शाहनवाज अहमद (पिपरौली, सीयर) के परिवार शामिल हैं।
टीएससीटी की यह पहल दिखाती है कि सामूहिक सहयोग से किसी परिवार को कठिन समय में आर्थिक सहारा दिया जा सकता है। प्रदेश के हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों का छोटा-छोटा योगदान जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद बन रहा है।
Location : Ballia
Published : 4 November 2026, 1:15 PM IST
Topics : Ballia News Nisha Singh Rakesh Singh Teacher Teacher Family Financial Help Teachers' Self Care Team