
अचेत मिली अज्ञात महिला की मौत फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिवरामपुर गंगा घाट पर एक अज्ञात महिला अचेत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बिचला घाट पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मानवता का परिचय देते हुए महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, शिवरामपुर गंगा घाट के ओहार क्षेत्र में करीब 30 वर्षीय एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई मिली थी। महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद कुछ घंटों बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में महिला के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। साथ ही थानों और चौकियों को भी महिला की पहचान कराने के लिए सूचित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शहर कोतवाली पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान के बारे में पता हो तो वह तत्काल शहर कोतवाली पुलिस से संपर्क कर सकता है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ballia
Published : 18 June 2026, 3:57 PM IST