Ballia Murder: गोविंदपुर में गला रेतकर हत्या, साजिश गहरी या दुश्मनी पुरानी? उलझी गुत्थी

बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तीन टीमें जांच में लगा दी हैं। जल्द खुलासे का दावा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 March 2026, 3:58 PM IST

Ballia: भीमपुरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि हत्या बेहद नजदीक से धारदार हथियार से की गई है। जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ जाती है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान बंधु पुत्र रमाशंकर, निवासी गोविंदपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को गांव के बाहर उनका शव संदिग्ध हालत में मिला। गले पर गहरे जख्म के निशान देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर ने धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या की है। जैसे ही गांव के लोगों को इसकी जानकारी हुई मौके पर भारी भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

IIT गुवाहाटी से पढ़ी बलिया की मोनिका ने बढ़ाया जिले का मान, UPSC में हासिल की 16वीं रैंक, जानिये उनकी कहानी

मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम

घटना की सूचना मिलते ही भीमपुरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और फॉरेंसिक टीम (FSL) के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने का काम किया। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बलिया मोर्चरी भेज दिया गया है।

केस दर्ज, तीन टीमें जांच में जुटीं

मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। यह हर एंगल से जांच कर रही हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुराने विवादों की भी पड़ताल की जा रही है।

बलिया के सिकन्दरपुर में गुप्त सूचना पर छापा, धर्म परिवर्तन के आरोप में पादरी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

पुलिस का बयान

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।

Location : 
  • Ballia

Published : 
  • 21 March 2026, 3:58 PM IST