‘जय श्रीराम और जय हनुमान’ के जयघोष से गूंजा मिड्ढा, महावीरी झंडा जुलूस में पहलवानों ने दिखाया दम

बलिया के मिड्ढा गांव में सावन के मौके पर निकले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस ने पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय कर दिया। जयकारों के बीच निकले जुलूस के बाद काली मंदिर स्थित अखाड़े में पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले हुए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 August 2026, 1:52 PM IST

Ballia: नगर से सटे मिड्ढा गांव में रविवार को आस्था, परंपरा और पहलवानी का अनोखा संगम देखने को मिला। सावन मास में हर साल निकलने वाला ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस इस बार भी पूरे उत्साह के साथ निकाला गया। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद काली मंदिर स्थित अखाड़े में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए, जहां कई मुकाबलों में रोमांच देखने को मिला।

दरवाजे से शुरू हुआ जुलूस

महावीरी झंडा जुलूस की शुरुआत स्व. केदार साहू के दरवाजे से हुई। जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए बाजार पहुंचा और वहां से कारखाना होते हुए गिरवर दास बाबा की कुटी स्थित महावीर मंदिर पहुंचा। यहां श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।

इसके बाद जुलूस आगे बढ़ा और बाजार स्थित शिव मंदिर होते हुए गांव के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। गोरथाना के पोखरा स्थित शिव मंदिर पर भी पूजन किया गया। इसके बाद जुलूस गांव के पूरब स्थित मां काली मंदिर पहुंचा, जहां अखाड़े का आयोजन किया गया।

ये भी पढ़ें- पितरों को मिलेगा मोक्ष, नहीं होगी सफर की फिक्र: गया जी पिंडदान के लिए IRCTC लाया स्पेशल एयर पैकेज

अखाड़े में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

अखाड़े में बलिया के साथ आसपास के जिलों और दूसरे जनपदों से पहुंचे पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने ताकत और कुश्ती के हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। अखाड़े की शुरुआत परसिया के रवि यादव और बिन्देश्वर के मुकाबले से हुई। रवि यादव ने अपने प्रतिद्वंदी को पटखनी देकर जीत दर्ज की। इसके बाद द्वाबा के छोटेलाल और बिहार के बक्सर निवासी रामबचन के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें छोटेलाल ने बाजी मारी।

अखाड़े में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच (Img: Dynamite News)

इसी क्रम में अलावलपुर के छोटू ने स्टेडियम के गोलू को पटखनी दी। वहीं गाजीपुर के संजय और बिल्थरारोड के राजू के बीच हुए मुकाबले में संजय ने जीत हासिल की। इन मुकाबलों के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

बारिश बनी मुकाबलों में बाधा

अखाड़े में कुश्ती का रोमांच अभी जारी ही था कि अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण कई पहलवानों को अपना हुनर दिखाने का मौका नहीं मिल सका। मौसम ने कार्यक्रम में जरूर खलल डाला, लेकिन इससे पहले हुए मुकाबलों ने मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान मनिंद्र बहादुर ठाकुर उर्फ सोनू ने पहलवानों को माला पहनाकर और हाथ मिलवाकर की। रेफरी की भूमिका चुन्नू सिंह ने निभाई। विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

ये भी पढ़ें- “चिंता मत करो, बहनों की शादी मैं करवाऊंगा…” रक्षा बंधन से पहले टूटा भाई का वचन, देवरिया के अभिषेक की मौत

जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा माहौल

जुलूस के दौरान श्रद्धालु लगातार जय श्रीराम, जय हनुमान और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। बैंड-बाजे और गाजे-बाजे के साथ निकले जुलूस से पूरे गांव का माहौल भक्तिमय नजर आया। जुलूस से पहले गांव के समाजसेवी विनोद सिंह ने हनुमान जी का पट खोलकर विधिवत पूजन-अर्चन किया। धार्मिक आयोजन के साथ कुश्ती प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

जुलूस और अखाड़े के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। खुफिया विभाग की टीम के अलावा फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय और सुखपुरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। मिड्ढा गांव का यह आयोजन एक बार फिर दिखा गया कि धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी ग्रामीण परंपराएं आज भी लोगों को एक साथ जोड़ने का काम करती हैं।

Location :  Ballia

Published :  24 August 2026, 1:52 PM IST