
मंदिरों में दर्शन और ददरी मेले की रौनक (Image Source: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान मंगलवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर समेत जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने दान-पुण्य किया और मंगल कामना की। श्रद्धालुओं ने बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर, महर्षि भृगु मंदिर और उनके शिष्य दर्दर मुनि की समाधि पर मत्था टेककर पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोगों ने ऐतिहासिक ददरी मेले में पहुंचकर जलेबी सहित चाट, डोसा और चाउमीन का स्वाद लिया। मेले में बड़ी चरखी का आनंद लेने के साथ लोगों ने जमकर खरीदारी भी की।
मंगलवार की भोर से शिवरामपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां सोमवार की आधी रात के बाद से ही स्नान शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और पूजन के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया तथा जरूरतमंदों को दान किया। सोमवार दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देर रात तक संगम तट पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूर्य की किरणें निकलने के साथ स्नानार्थियों की भीड़ और बढ़ती गई। शिवरामपुर के अलावा हुकुम छपरा, मझौवां, पचरुखिया, गंगापुर, चौबे छपरा, सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, दयाछपरा और शतिघाट भुसौला समेत कई घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। नरही थाना क्षेत्र के उजियार, कोटवा नारायणपुर के नागा घाट, भरौली, गोविंदपुरा, सोहांव और बड़का खेत पलिया खास गंगा तट पर भी श्रद्धालु पहुंचे। बड़का खेत पलिया खास गांव में लगे मेले का भी लोगों ने आनंद लिया।
ये भी पढ़ें: Ballia: बलिया में वोटर बनने की लगी होड़, एक दिन में मिले 6,695 फार्म-6
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का सैलाब (Image Source: Dynamite News)
कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सोमवार शाम शिवरामपुर घाट को दीपों से सजाया गया। घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाओं के साथ देव दीपावली का आयोजन किया गया। काशी से आए विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन कराया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गंगा पूजन किया।
श्रद्धालुओं ने भी मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद काशी के विद्वानों ने भक्तिमय गीतों के साथ मां गंगा की दिव्य महाआरती की। स्नान के अवसर पर नगर के विभिन्न मार्गों और घाटों तक जाने वाले रास्तों पर समितियों की ओर से चाय, पानी, खाने-पीने और सुई-दवा के स्टॉल लगाए गए थे। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन भी किया।
ये भी पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा पर बलिया में ट्रैफिक अलर्ट, भारी वाहनों से लेकर ई-रिक्शा तक के बदले रूट
गंगा स्नान के बाद ददरी मेले में उमड़ी भीड़ (Image Source: Dynamite News)
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ठहरने के इंतजाम किए गए थे। व्यवस्था के लिए सेक्टरवार मजिस्ट्रेट तैनात किए गए और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पंडाल बनाए गए। शिवरामपुर घाट के दोनों किनारों पर राहत कैंप लगाए गए थे। यहां पुलिस के चार कैंप और चिकित्सा विभाग के दो कैंप बनाए गए।
घाट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। एसडीआरएफ की टीमें और स्थानीय गोताखोर अलर्ट रहे। गंगा नदी में बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्नान कर सकें। शहर से घाट तक रास्तों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा 10 मोबाइल शौचालय और पेयजल के 10 टैंकर लगाए गए थे। सुरक्षा और बचाव के लिए 10 गोताखोर, 20 नावें और 50 आपदा मित्र तैनात रहे। वहीं, महावीर घाट से संगम तट तक श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। स्नान के बाद लौटने वाले लोगों की भीड़ से रेलवे स्टेशन और रोडवेज रात तक गुलजार रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ल छपरा से दया छपरा तक बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण करीब चार-पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान पुलिस को यातायात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
Location : Ballia
Published : 24 November 2026, 5:26 PM IST
Topics : Ballia News Kartik Purnima 2026 Kartik Purnima Crowd Police Security Arrangements Shivram Pur Ganga Ghat