AI से बदली तस्वीरों की सच्चाई सामने आते ही मचा बवाल, बलिया में खुलासे के बाद हड़कंप

बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के दो युवकों पर इंस्टाग्राम से फोटो और वीडियो डाउनलोड कर AI के जरिए अश्लील कंटेंट बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 May 2026, 10:57 PM IST

Ballia : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक जहां लोगों की जिंदगी को आसान बना रही है। वहीं इसका गलत इस्तेमाल अब गंभीर खतरा बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों की तस्वीरों और वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप देकर वायरल करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला यूपी के बलिया जिले से है। जहां एक युवती ने गांव के ही दो युवकों पर AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उसकी तस्वीरों और वीडियो को अश्लील बनाकर प्रसारित करने का आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

इंस्टाग्राम से डाउनलोड किए फोटो और वीडियो

जानकारी के मुताबिक बैरिया थाना क्षेत्र के टोला नेका राय गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह इंस्टाग्राम पर अपनी आईडी के जरिए अक्सर फोटो और वीडियो पोस्ट करती रहती है। आरोप है कि गांव के ही राहुल यादव और अंगद सिंह ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से फोटो और वीडियो डाउनलोड कर लिए। इसके बाद AI तकनीक की मदद से उन तस्वीरों और वीडियो को गलत तरीके से एडिट कर अश्लील रूप दे दिया गया।

पीड़िता का आरोप है कि संशोधित कंटेंट को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित भी किया जा रहा है, जिससे उसकी छवि खराब हो रही है। युवती ने इसे गैरकानूनी और मानसिक उत्पीड़न बताया है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मामले को गंभीरता से लेते हुए बैरिया थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अश्लील कंटेंट किन-किन प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

Suvendu Adhikari PA Murder: बलिया में CBI और UP STF की दबिश, ‘टाइगर’ की तलाश में कई गांवों में छापेमारी

बढ़ रहा साइबर अपराध का खतरा

विशेषज्ञों का मानना है कि AI तकनीक का गलत इस्तेमाल आने वाले समय में साइबर अपराध की बड़ी चुनौती बन सकता है। खासकर महिलाओं और युवतियों को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की जरूरत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी की निजी तस्वीरों या वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें वायरल करना गंभीर अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ballia

Published :  24 May 2026, 10:57 PM IST