
बलिया में पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप
Ballia: जब रक्षक की भक्षक बन जाएगा तो आमजन कहां जाएंगे? ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के दोकटी थाना क्षेत्र में प्रकाश में आया है जिसने पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया।
शुक्रवार की शाम करीब छह बजे लालगंज बाजार से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही कक्षा नौवीं की छात्रा से लालगंज चट्टी के बगल में लालगंज चौकी पर तैनात एक सिपाही ने छेड़खानी कर दिया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने सिपाही को दौड़ा लिया। जिसके बाद सिपाही मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस मामले किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही पंकज गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है। वही एसपी द्वारा उसे निलंबित कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।
बलिया में मामले को लेकर जनता में आक्रोश
मुक्ति थाना क्षेत्र के लालगंज चौकी अंतर्गत चिरंजीवी छपरा गांव निवासी मु. असलम की 15 वर्षीय पुत्री आस्मीन खातून ने बताया कि वह शनिवार की शाम कोचिंग से पढ़कर साइकिल से घर आ रही थी। जैसे ही लालगंज चट्टी के आगे बढ़ी एक सुनसान स्थान पर सिपाही ने उसकी साइकिल रुकवाई और उसके साथ अभद्रता की।
छात्रा के शोर मचाने पर उसके पिता और आसपास के दर्जनों लोग दौड़े, उन्हें आता देख आरोपी सिपाही अपनी बिना नंबर की नई होंडा साइन मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है।
छात्रा ने बताया कि वह आठ सितंबर को ट्यूशन पढ़ने के लिए लालगंज बाजार गई थी। वापस लौटते समय लालगंज चौकी के सिपाही पंकज गुप्ता ने उसे अकेला पाकर मोबाइल नंबर मांगा। किशोरी बिना कुछ बोले अपने घर चली गई। आरोप है कि नौ और 10 सितंबर को भी कोचिंग से लौटते समय सिपाही ने उसका रास्ता रोककर छींटाकशी की और दोबारा मोबाइल नंबर मांगा। किशोरी ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद भरत सिंह की पुत्री विजयलक्ष्मी सपा नेता अंगद सिंह अपने समर्थकों के साथ लालगंज पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ विभागीय कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा दर्जनों की संख्या में और लोग भी पहुंच गए।
इस बाबत क्षेत्राधिकार बैरिया आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने आरोपी सिपाही पंकज गुप्ता को निलंबित कर दिया। वहीं, किशोरी की लिखित तहरीर पर धारा 74 बीएनएस में पंकज गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Location : Ballia
Published : 12 September 2026, 12:49 AM IST