
डीसीएम और ट्रेलर की भीषण टक्कर के बाद लगी आग (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Bahraich: बहराइच-नानपारा हाईवे पर सलारपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो भारी वाहन डीसीएम और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर दौड़ रहे एक छोटा हाथी वाहन को बचाने का प्रयास किया गया, जिससे दोनों बड़े वाहनों के बीच टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। डीसीएम में मशीनरी का सामान लदा हुआ था, जबकि ट्रेलर में सीमेंट भरा हुआ था। आग तेजी से फैल गई और दोनों वाहनों के चालक केबिन से बाहर नहीं निकल पाए। परिणामस्वरूप दोनों चालक जिंदा जल गए।
Bahraich News: युवक-युवती ने फंदे से झूलकर कर लिया ये हाल, गांव में मचा कोहराम
इस हादसे में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
दरगाह थानाध्यक्ष रामज्ञा सिंह ने जानकारी दी कि रविवार को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों चालकों की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि ट्रेलर चालक की पहचान सराय ममरेज थाना क्षेत्र के सिंधौरा गांव निवासी जीतलाल यादव के रूप में हुई है, जबकि डीसीएम चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
भीषण हादसे के बाद नानपारा हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और काफी प्रयासों के बाद यातायात को सामान्य किया गया।
Bahraich News: परिषदीय विद्यालयों के विलय के विरोध में गरजा प्राथमिक शिक्षक संघ, जानें पूरी खबर
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर हादसे की असली वजह क्या रही और किसकी लापरवाही से यह दुर्घटना हुई।
Location : Bahraich
Published : 27 April 2026, 11:13 AM IST