हिंदी
9 साल की मासूम को उठा ले गया तेंदुआ (Img: Dynamite News)
Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली रेंज क्षेत्र में तेंदुए के लगातार दो हमलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। महज कुछ घंटों के अंतराल में हुए इन हमलों में एक 9 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल है।
सबसे दर्दनाक घटना सुजौली रेंज के टपरा बाजार स्थित छठ पूजा स्थल के पास सौतिया नाला क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई। ओमप्रकाश की 9 वर्षीय बेटी अंशिका परिवार के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। रात करीब 11 बजे अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्ची को दबोचकर खेतों की ओर ले गया।
बच्ची की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण जाग गए। लोगों ने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह मौके से फरार हो गया। देर रात तक ग्रामीणों ने हाका लगाकर खोजबीन की। बाद में गन्ने के खेत में अंशिका का शव बरामद हुआ। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया।
मंगलवार सुबह एक और घटना सामने आई। सुजौली रेंज के पारसपुरवा गांव में खेत की ओर जा रही प्रियंका कुमारी (22) पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। युवती ने साहस दिखाते हुए तेंदुए का मुकाबला किया और शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेंदुए को खदेड़ दिया।
घायल युवती को वन विभाग की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा रेफर कर दिया गया।
बेटा विहान होने के बाद पहली बार काम को लेकर एक्टिव हुईं Katrina Kaif, अगले साल से शुरू करेंगी शूटिंग
लगातार हो रहे हमलों के कारण महिलाओं और बच्चों में सबसे ज्यादा भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। खेतों में काम करने और पशुओं की देखभाल के लिए बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृत बच्ची के पिता को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त शुरू कर दी गई है। हथिनी जयमाला और चंपाकली की मदद से कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग ने ट्रैप कैमरे लगाने और रात में निगरानी बढ़ाने का भी निर्णय लिया है।
Location : Bahraich
Published : 10 June 2026, 1:07 PM IST