बरेली में दर्दनाक हादसा: अवैध वसूली के आरोप के बीच ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

बरेली के बहेड़ी में मुंडिया टोल के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी के दरोगा द्वारा दौड़ाए जाने पर वे रेलवे ट्रैक की तरफ भागे थे। हादसे के बाद भारी हंगामा, पुलिस बल तैनात।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 10:10 AM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित बहेड़ी थाना क्षेत्र के मुंडिया टोल के पास एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंतर्राज्यीय आमडंडा बॉर्डर पुलिस चौकी पर कथित अवैध वसूली और खौफ का नतीजा यह निकला कि दो बेकसूर लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

दरोगा की दबिश और रेलवे ट्रैक पर भागा-दौड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतकों के परिजनों के मुताबिक, आमडंडा बॉर्डर पुलिस चौकी पर गाड़ियों को पास कराने को लेकर कुछ चालक पहुंचे थे। आरोप है कि चौकी पर तैनात दरोगा नरेंद्र सिंह ने बिना किसीि लिहाज के चालकों को डंडे लेकर दौड़ा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से घबराए लोग अपनी जान बचाने के लिए नजदीकी रेलवे लाइन की तरफ भागने लगे। अफरा-तफरी के इस माहौल में कुछ लोग तो पटरी पार करने में कामयाब रहे, लेकिन दो लोग तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

परिजनों का हंगामा और पुलिस पर लीपापोती का आरोप

हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और परिजनों की बीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का साफ आरोप था कि स्थानीय पुलिस इस पूरे खौफनाक मामले को दबाने और अपनी गर्दन बचाने के लिए जबरन समझौता कराने का प्रयास कर रही थी। बढ़ते तनाव और बिगड़ते हालातों को भांपते हुए बहेड़ी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और कई थानों का भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।

प्रशासन का पक्ष और निष्पक्ष जांच का आश्वासन

तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की बेहद गहराई और निष्पक्षता से जांच कराई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी या अन्य दोषी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  Bareilly

Published :  27 July 2026, 10:10 AM IST