बदायूं में चोर बेखौफ, बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के जेवर-नकदी उड़ाए

बदायूं में चोरों ने एक बंद घर को अपना निशाना बनाया और कुछ ही देर में लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। दवा लेने गए शिक्षक दंपत्ति के लौटने पर जब घर का हाल देखा तो उनके होश उड़ गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 September 2026, 2:30 AM IST

Budaun: जनपद के अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला में चोरों ने बुधवार को एक बंद घर को निशाना बनाया। दवा लेने बरेली गए शिक्षक दंपत्ति के घर का ताला तोड़कर चोर अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद एक संदिग्ध युवक थैला लेकर जाता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।

दवा लेने गए थे पति-पत्नी

मिली जानकारी के अनुसार कस्बा ककराला के वार्ड नंबर 6 निवासी मुकर्रब समस्तीपुर में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी बच्चों के साथ घर पर ही रहती हैं। आज उनकी पत्नी दवा लेने के लिए बरेली गई हुई थीं। घर पर ताला लगा हुआ था।

इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मौका देखकर दिनदहाड़े घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली और बड़ी आसानी से फरार हो गए।

CCTV में दिखा संदिग्ध

जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना शिक्षक दंपत्ति को दी। सूचना मिलते ही दंपत्ति भागते हुए घर पहुंचे और अंदर देखा तो अलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जेवरात और नकदी गायब थी।

जंगल में पेड़ से लटका मिला शव… बदायूं में बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप, अकेलेपन की कहानी ने झकझोरा

घटना के बाद आसपास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक संदिग्ध युवक कंधे पर थैला लटकाए जाता हुआ नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वही चोरी की वारदात में शामिल है।

पीड़ित अध्यापक ने इस संबंध में ककराला पुलिस चौकी पर पहुंचकर तहरीर दी है और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

बदायूं में पुलिस और 25 हजार के इनामी गौकश के बीच मुठभेड़, बदमाश और दरोगा दोनों घायल

इस चोरी की वारदात से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

Location :  Budaun

Published :  24 September 2026, 2:29 AM IST