बदायूं के निजी स्कूल में चपरासी की रहस्यमय मौत, संदिग्ध परिस्थितियों ने खड़े किए गंभीर सवाल

बदायूं आमगांव स्थित एक निजी स्कूल में कार्यरत 60 वर्षीय चपरासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 July 2026, 3:11 PM IST

Budaun: बदायूं सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आमगांव स्थित एक निजी स्कूल में कार्यरत चपरासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि उनकी मौत सांप के काटने से हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

सुबह स्कूल में मृत मिले कर्मचारी

जानकारी के अनुसार आमगांव निवासी 60 वर्षीय आवेश सिंह पुत्र टोंड़ी सिंह गांव के ही एक निजी स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि वह रोज की तरह रात में स्कूल में सोने के लिए गए थे। सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग उन्हें देखने स्कूल पहुंचे। वहां आवेश सिंह स्कूल परिसर में मृत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन को सूचना दी।

यहां भी पढ़ें: Budaun: साहब, मेरी बेटी ढूंढ दो… आरोपी को पूछताछ के बाद छोड़ा, लापता बेटी को दर-दर ढूढ़ने को मजबूर पीड़ित पिता

सांप के काटने से मौत की आशंका

परिजनों का कहना है कि आवेश सिंह की मौत सांप के काटने से हुई है। हालांकि, मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़ें: Budaun News: फतेहपुर के पूर्व प्रधान पर लगा टक्कर मारकर भागने का आरोप, हादसे के बाद फरार हुआ चालक

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक आवेश सिंह अपने पीछे दो बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मृतक को मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति बताया।

Location :  Budaun

Published :  18 July 2026, 3:11 PM IST