
करंट से बेजुबान की मौत
Badaun: जिले के उसहैत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़िया हर्दोपट्टी में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां घर के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की जर्जर लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि उनके घर के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की लाइन लंबे समय से खराब हालत में थी। इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से सूचना दी थी, लेकिन समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि समय रहते मरम्मत या लाइन बदलने की कार्रवाई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
बताया गया कि 18 फरवरी 2027 की सुबह करीब 9 बजे अचानक बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। उसी दौरान पास में बंधी भैंस करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पशु की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है।
हत्या या आत्महत्या? बलिया के एक घर में मिली दो लाशें, इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तार और ढीली लाइनों की शिकायतें अक्सर की जाती हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर समय पर कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में लोगों की जान-माल की सुरक्षा खतरे में बनी रहती है। यह भी सवाल उठ रहा है कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितने संवेदनशील हैं।
14 साल की लड़की ने दिया बच्चे को जन्म, मां ने पूछा पिता का नाम तो जवाब आया- बड़ी दाढ़ी वाले…
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृत भैंस के लिए उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। लोगों का कहना है कि प्रशासन को क्षेत्र में बिजली लाइनों की तत्काल जांच कर मरम्मत सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Location : Budaun
Published : 19 February 2026, 2:53 PM IST
Topics : Budaun News crime news UP News