बदायूं: जो साहब गुडवर्क की उम्मीद में अपनी पीठ थपथपा रहे थे, कलई खुलते ही उड़े उनके होश

बदायूं में बाइक और मोबाइल लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सफलता पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब मुठभेड़ की गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला सामने आया। इस मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने वजीरगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 June 2026, 6:18 PM IST

 Badaun :घर का भेदी लंका ढ़ावे यह कहावत बदायूं पुलिस विभाग में अक्षरश: सबित होती दिखाई दे रही है। जो साहब मुठभेड़ के मामले में अपनी पीठ थपथपा रहे थे और उम्मीद कर रहे थे कि उनकी वाहवाही होगी, परन्तु अब पासा पलट गया है उनकी और उनकी कलई खुल गई है।

कैसे खुला पूरा मामला

नौ मई की रात बिल्सी थाना क्षेत्र के बैरमई बुजुर्ग गांव के लोकेश से वजीरगंज के ब्योली गांव के पास तीन बदमाशों ने बाइक और मोबाइल लूट लिया था। लोकेश की तहरीर पर वजीरगंज पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की। 

पिछले सप्ताह मुखबिर की सूचना पर वजीरगंज पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। मुठभेड़ में फारुख उर्फ बादशाह निवासी धनौली, थाना बिल्सी और अमन चतुर्वेदी निवासी टीकमगढ़, मध्यप्रदेश के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी बदमाशों की फायरिंग में घायल हो गया। बाद में रूटीन कॉम्बिंग के दौरान तीसरा बदमाश सुरजीत निवासी शाहजहांपुर भी पकड़ा गया। लूटी गई बाइक बरामद कर पुलिस ने केस का पर्दाफाश कर दिया था।

गोपनीयता भंग से बिगड़ा पूरा खेल

आरोप है कि इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने मुठभेड़ से पहले ऑपरेशन की लोकेशन और योजना की जानकारी बाहर साझा कर दी। एसएसपी अंकिता शर्मा का मानना है कि गोपनीयता टूटने से बदमाश पहले ही अलर्ट हो सकते थे। अगर वे पोजीशन लेकर हैवी फायरिंग करते तो पुलिस टीम पर भारी पड़ सकता था। 

एसपी ने बताया, "इस पूरे ऑपरेशन की जिम्मेदारी एसएचओ वजीरगंज की थी। गोपनीयता भंग होने से टीम की सुरक्षा खतरे में पड़ी। लिहाजा फौरी कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर किया गया है।"

बिल्सी एसएचओ भी जांच के दायरे में

सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में बिल्सी थाना प्रभारी मनोज कुमार भी शामिल थे। माना जा रहा है कि गोपनीयता भंग करने में उनकी भूमिका भी संदिग्ध रही है। एसएसपी ने इशारा किया कि विभागीय जांच में अगर बिल्सी एसएचओ की संलिप्तता साबित हुई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई तय है। 

फिलहाल विभागीय जांच जारी है। पकड़े गए तीनों बदमाशों से पूछताछ कर पुलिस लूट की अन्य वारदातों का भी खुलासा करने में जुटी है।

Location :  Badaun

Published :  7 June 2026, 6:18 PM IST