
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन
Azamgarh: आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बसही जरमजेयपुर गांव के पास माइलस्टोन-219 के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। पीछे से हुई जोरदार टक्कर के कारण डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने डीसीएम चालक और छह वर्षीय इरम को मृत घोषित कर दिया। चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
हादसे में घायल गोसया और जरीना की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Azamgarh
Published : 2 June 2026, 6:33 PM IST
Topics : Azamgarh Accident DCM Truck Collision Purvanchal Expressway accident Road Crash Tahbarpur News