
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बैंक आने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का कथित सरगना अमित साहनी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में थानाध्यक्ष संजय सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने जीयनपुर क्षेत्र में टप्पेबाजी की दो घटनाओं को अंजाम देकर कुल एक लाख 23 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य बैंक में रुपये जमा करने और निकालने आने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। कभी जमा पर्ची भरने में मदद करने तो कभी अधिक रुपये देने का लालच देकर लोगों को अपने विश्वास में लेते थे। इसके बाद असली रुपये लेकर फरार हो जाते थे और पीड़ित के हाथ में कागज की गड्डी रह जाती थी।
जीयनपुर क्षेत्र में गिरोह ने इसी तरह दो घटनाओं को अंजाम दिया था। बीते 10 अगस्त को धर्मराज चौहान अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में 74 हजार रुपये जमा करने पहुंचे थे। आरोपियों ने मदद के बहाने उन्हें विश्वास में लिया और शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर रुपये लेकर कागज की गड्डी थमा दी।
वहीं, 29 अक्टूबर को भारतीय बैंक, जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही एक बुजुर्ग महिला का बैग बदलकर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं में कुल एक लाख 23 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
टप्पेबाजी की घटनाओं के बाद से जीयनपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद एक आरोपी ने बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से गुजर गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अमित साहनी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महाराजगंज में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों के कब्जे से 19,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जीयनपुर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
Location : Azamgarh
Published : 25 November 2026, 11:31 AM IST
Topics : Azamgarh Police Encounter Azamgarh Crime News Bank Fraud Gang Jiyanpur Police Uttar Pradesh crime news