
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Img: Samajwadi Party )
Prayagraj: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 28 और 29 जून को प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर सपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान अखिलेश यादव पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही संगठन को लेकर कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव 28 जून की सुबह 11:30 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से रवाना होंगे। दोपहर करीब 12:15 बजे वह प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह दोपहर 1:30 बजे शहर के रुद्राक्ष होटल में मीडिया को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं और सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठा सकते हैं।
मीडिया वार्ता के बाद अखिलेश यादव शाम करीब 5 बजे अशोक नगर, नेवादा स्थित एक सपा नेता के आवास पर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे वह करैली स्थित सपा महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तिखार हुसैन एडवोकेट के आवास जाएंगे। यहां वह पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। पहले दिन का रात्रि विश्राम अखिलेश यादव प्रयागराज में ही करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 29 जून को अखिलेश यादव सुबह 11 बजे होटल रेडीसन में आयोजित 'विजन इंडिया' की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में पार्टी संगठन को लेकर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही प्रदेश की राजनीतिक दिशा और भविष्य की रणनीति पर भी मंथन किया जा सकता है। इसके बाद दोपहर 2 बजे अखिलेश यादव एक बार फिर मीडिया से बातचीत करेंगे।
Akhilesh Yadav: तीर-कमान, नजर आसमान; बदली टोपी, मिला सम्मान; लखनऊ में अखिलेश यादव का अलग अंदाज
दूसरे दिन दोपहर करीब 3 बजे अखिलेश यादव अलोपीबाग स्थित विधायक संदीप पटेल के आवास पहुंचेंगे। यहां वह स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सपा नेतृत्व का मानना है कि इस तरह के दौरे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद करेंगे।
Location : Prayagraj
Published : 26 June 2026, 3:31 PM IST