Auraiya Cylinder Blast: बंद कमरे में फटा घरेलू गैस सिलेंडर, दीवार गिरी; 200 मीटर दूर तक गिरे टुकड़े

औरैया जिले के कुकरकाट गांव में सोमवार देर रात घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 20 May 2026, 2:59 PM IST

Auraiya: औरैया जिले के कुकरकाट गांव में सोमवार देर रात घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि सिलिंडर के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में कमरे की दीवार ढह गई और छत में दो बड़े छेद हो गए।

चबूतरे पर सो रहा था परिवार, टला बड़ा हादसा

गांव निवासी 70 वर्षीय जोर सिंह के घर में रखा घरेलू गैस सिलिंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। घटना के समय जोर सिंह अपनी पत्नी रमायनश्री और बच्चों के साथ घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे।

इसी वजह से परिवार के सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। विस्फोट के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

Ujjwala Yojana का था सिलेंडर

जोर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन है। वह 17 मई को राधाकृष्ण भारत गैस एजेंसी से सिलिंडर लेकर आए थे। सिलिंडर अभी इस्तेमाल भी नहीं किया गया था और कमरे में रखा हुआ था।

धमाके से कमरे में रखा गृहस्थी का सामान, दरवाजे और रसोई का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस और गैस ऐजंसी ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनेश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली।

वहीं गैस एजेंसी संचालक प्रिंस गुप्ता ने बताया कि सिलिंडर 17 मई को दिया गया था। सिलिंडर फटने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पिछले महीने भी हुआ था ऐसा हादसा

बताया जा रहा है कि पिछले महीने 14 अप्रैल को समायन गांव में भी गैस सिलिंडर फटने की घटना हुई थी। उस हादसे में भी सिलिंडर और चूल्हे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे थे।

Location :  Auraiya

Published :  20 May 2026, 2:51 PM IST