औरैया में एआरटीओ का बड़ा एक्शन, बिना टैक्स और फिटनेस दौड़ रही बसें व लोडर सीज

औरैया में एआरटीओ विभाग ने बिना टैक्स, फिटनेस और इंश्योरेंस के चल रहे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई बसों और एक लोडर पर जुर्माना लगाया गया, जबकि दो बसों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी की जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 6:49 PM IST

Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एआरटीओ विभाग ने बिना टैक्स, फिटनेस और इंश्योरेंस के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। शहर और हाईवे पर सोमवार रात हुई चेकिंग के दौरान कई बसों और लोडर वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान लाखों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

बिना टैक्स और इंश्योरेंस वाला लोडर सीज

एआरटीओ एनसी शर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध लोडर को रोककर जांच की गई। जांच में सामने आया कि वाहन का जुलाई 2024 से टैक्स जमा नहीं किया गया था। साथ ही उसकी फिटनेस और इंश्योरेंस की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोडर को सीज कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे वाहनों से सड़क सुरक्षा को खतरा बना रहता है।

बसों की जांच के दौरान यात्रियों का हंगामा

चेकिंग अभियान के दौरान रात में अनधिकृत रूप से संचालित हो रही करीब 10 बसों को भी रोका गया। अधिकारियों ने बसों के दस्तावेजों की जांच शुरू की तो कुछ यात्रियों ने विरोध करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने संयम बरता और मौके पर ही कार्रवाई पूरी की। विभाग ने सात बसों से करीब 2.70 लाख रुपये का ऑनलाइन टैक्स और जुर्माना जमा कराया। भुगतान के बाद इन बसों को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।

दो बसों को किया जाएगा ब्लैकलिस्ट

एआरटीओ अधिकारियों के अनुसार दो बस संचालकों ने ऑनलाइन जुर्माना जमा करने से साफ इनकार कर दिया। यात्रियों के विरोध और स्थिति को देखते हुए फिलहाल बसों का चालान काटकर छोड़ दिया गया। अब विभाग इन दोनों बसों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ब्लैकलिस्ट होने के बाद वाहन संचालकों को हर हाल में चालान और बकाया राशि का भुगतान करना होगा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एआरटीओ विभाग ने साफ किया है कि बिना टैक्स, फिटनेस और इंश्योरेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने वाहन मालिकों से समय पर टैक्स जमा करने और जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की अपील की है।

Location :  Auraiya

Published :  16 June 2026, 6:49 PM IST