
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने मनाई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (IMG: Dynamite News)
Lucknow News: सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने राजधानी लखनऊ में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। शनिवार को सुल्तानपुर के खुर्शीद क्लब मैदान में आयोजित समारोह में पहुंचे प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। ऐसे महान राष्ट्रनायक की प्रतिमा प्रदेश की राजधानी में स्थापित की जानी चाहिए। समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक सीताराम वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, मंडल अध्यक्ष अविनाश पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर आशीष पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी टिकटों की संख्या के लिए लड़ाई नहीं करती। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि ऐसा गठबंधन है जो चुनाव में जीत हासिल कर सके।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 'नंबर ऑफ सीट' की लड़ाई में विश्वास नहीं रखती। इस बयान के जरिए उन्होंने गठबंधन में सीटों की हिस्सेदारी से ज्यादा चुनावी जीत को प्राथमिकता देने की बात कही।
आईएएस अधिकारी रह चुकी दिव्या मित्तल के चुनाव लड़ने की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिव्या मित्तल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह जिस क्षेत्र से आई हैं, वहां अच्छा काम करके आई हैं। समारोह के दौरान आशीष पटेल ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए लखनऊ में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी। वहीं, मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव के दावे और एनडीए गठबंधन की स्थिति पर भी अपनी बात रखी।
Location : Lucknow
Published : 31 October 2026, 3:02 PM IST