Maharajganj : बैंक में चल रहा था अवैध वसूली का खेल! फील्ड ऑफिसर और डीडी राइटर गिरफ्तार

महराजगंज के चौक स्थित भूमि विकास बैंक में रिश्वतखोरी के आरोपों के बीच एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Maharajganj: जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक से जुड़े दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई है।

लोन के नाम पर मांगा जा रहा था 10% कमीशन

जानकारी के अनुसार थाना चौक क्षेत्र के ग्राम सभा दरहटा टोला लालपुर निवासी सत्यम पुत्र छोटेलाल ने अपने पिता के नाम पर भूमि विकास बैंक से ऋण लिया था। आरोप है कि ऋण प्रक्रिया को पूरा कराने और संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर बैंक कर्मचारियों द्वारा 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी। बार-बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर किसान ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की।

रंगे हाथ दबोचे गए सहायक फील्ड ऑफिसर और डीडी राइटर

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर सोमवार 2 जून को नगर पंचायत चौक में जाल बिछाया। टीम ने कार्रवाई के दौरान हरेराम प्रसाद, सहायक फील्ड ऑफिसर तथा जय ओम यादव, डीडी राइटर को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Maharajganj News: पेट्रोल पंप पर किसानों की भारी भीड़ और पंपिंग सेट… क्या सच में महराजगंज में गहराया डीजल संकट?

शाखा प्रबंधक भी जांच के घेरे में

सूत्रों के अनुसार बैंक में किसानों से ऋण संबंधी कार्यों और फाइलों को आगे बढ़ाने के नाम पर लंबे समय से अवैध वसूली का खेल चल रहा था। आरोप यह भी है कि इस पूरे मामले में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक आशुतोष कुमार मिश्रा की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बैंक कर्मियों में खलबली

फिलहाल एंटी करप्शन टीम गिरफ्तार कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। जांच अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। वहीं कार्रवाई के बाद बैंक से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों में खलबली मची हुई है।

Location :  Maharajganj

Published :  2 June 2026, 4:44 PM IST

Advertisement