अमरोहा दुष्कर्म केस: उमेश शर्मा के फार्म हाउस मामले में महिला आयोग की एंट्री, जांच पर नजर

अमरोहा फार्म हाउस दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने DGP को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और एक सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। एक दारोगा निलंबित किया गया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 September 2026, 9:21 AM IST

अमरोहा: उत्तराखंड के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस से जुड़े हरियाणा की युवती से दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने हस्तक्षेप किया है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर जांच और कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी गई है।

दारोगा नरेशपाल राणा निलंबित

मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपितों को कमरा उपलब्ध कराने के लिए फोन करने वाले दारोगा नरेशपाल राणा को निलंबित कर दिया गया है।

बताया गया कि हसनपुर रोड स्थित गांव झुलपुरी के फार्म हाउस में हुई घटना के मामले में हसनपुर कोतवाली में दारोगा संजय तोमर, हेड कांस्टेबल प्रमोद, सीआरपीएफ निरीक्षक लालाराम यादव और हेड कांस्टेबल मोहित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, मोहित पीड़िता को 21 सितंबर को सोनीपत से मेरठ होते हुए लालाराम यादव के साथ यहां लेकर पहुंचा था।

महिला आयोग ने DGP को भेजा पत्र

घटना के बाद भाकियू संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

इसके बाद आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजा। आयोग ने जांच के दौरान फॉरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, संबंधित धाराओं में कार्रवाई और घटना में किसी भी सहयोगी या अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पीड़िता को सहायता और मुआवजे के निर्देश

राष्ट्रीय महिला आयोग ने पीड़िता और उसके परिवार को चिकित्सकीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मुआवजा प्रक्रिया के लिए जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पीड़िता का जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए फतेहाबाद प्रशासन से पत्राचार करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और राष्ट्रीय महिला आयोग की रिपोर्ट मांग के बाद कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Location :  Amroha

Published :  28 September 2026, 9:21 AM IST