
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (सोर्स-Pintrest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इस उच्चस्तरीय बैठक में पार्टी के संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनावों की संपूर्ण रणनीति का खाका तैयार किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं, दिनभर चलने वाले वैचारिक सत्रों के बाद इस महत्वपूर्ण बैठक के समापन सत्र को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। बैठक में केंद्रीय व राज्य स्तर के कई दिग्गज नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
यह पूरी बैठक तीन प्रमुख सत्रों में संपन्न होगी। दूसरे सत्र में विशेष तौर पर राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा। पार्टी का मुख्य जोर उन बूथों और क्षेत्रों पर रहेगा, जहां संगठन को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। बैठक में एक विस्तृत राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक फैसलों को प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने "जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर" के मूल मंत्र के साथ काम करने का आह्वान किया। वहीं, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने इस आयोजन को ऐतिहासिक, अनुशासित और पूरी तरह व्यवस्थित बनाने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट और टीम वर्क पर विशेष जोर दिया। बैठक में आने वाले सभी प्रतिनिधियों के लिए क्यूआर कोड आधारित आधुनिक पंजीकरण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Bhutan Lake Burst: भूटान में झील फटते ही मची तबाही, भारत की ओर बढ़ रहा बाढ़ का पानी
इस कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी अपने विचार रखेंगे। बैठक में राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा कार्यसमिति के सदस्य, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और जिला स्तर तक के सभी प्रमुख मोर्चों के पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 30 October 2026, 8:26 AM IST