अमेठी में पूर्व कैबिनेट मंत्री के घर पर अराजक तत्वों का तांडव, परिवार ने जान से मारने का लगाया आरोप

अमेठी में सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति के आवास पर देर रात अराजक तत्वों द्वारा गाली-गलौज, हंगामा और मारपीट का आरोप लगा है। परिवार ने जान से मारने की धमकी का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 9:53 AM IST

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर अराजक तत्वों द्वारा हंगामा और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। यह घटना आवास विकास कॉलोनी स्थित उनके निजी आवास पर लगभग रात आठ बजे के आसपास हुई बताई जा रही है।

परिवार का आरोप

पूर्व मंत्री के बेटे अनुराग प्रजापति ने इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि करीब दो से तीन दर्जन लोग कई मोटरसाइकिलों और गाड़ियों से उनके घर के गेट पर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया।

अनुराग प्रजापति के अनुसार, हमलावरों में शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रलाप यादव, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव सहित कई अन्य लोग शामिल थे। इसके अलावा काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (UP36X 8808), एक अन्य काले रंग की स्कॉर्पियो (UP44 HF 4149) और एक सफेद गाड़ी जिसका अंतिम नंबर 0002 बताया गया है, भी मौके पर देखी गई।

Amethi: शाहमऊ में दिनदहाड़े चला खूनी खेल, प्रधान और भाई पर हमला; दहल उठा इलाका

गाली-गलौज और धमकी के आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि सभी लोग गेट के बाहर खड़े होकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति, उनकी पत्नी विधायक महाराजी प्रजापति और पूरे परिवार को मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

परिवार का आरोप है कि जब घर के सदस्य सुरेंद्र प्रजापति और अन्य महिलाएं इस घटना का वीडियो बना रही थीं, तो हमलावरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और मारपीट भी की। आरोप है कि उन्हें कई थप्पड़ मारे गए और धमकाया गया कि यदि शिकायत की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

अराजक तत्वों का घर के बाहर जमावड़ा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

हथियारों की धमकी का दावा

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने यह कहा कि उनकी गाड़ियों में हथियार रखे हैं और यदि किसी ने शिकायत की तो पूर्व मंत्री और उनकी विधायक पत्नी को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद परिवार में भय का माहौल बन गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को गंभीरता से परखा जा रहा है।

Amethi News: व्यापारी के अपहरण और एक करोड़ की फिरौती, फिर आगे जो हुआ, जानें पूरी खबर

राजनीतिक पृष्ठभूमि और संवेदनशीलता

गौरतलब है कि गायत्री प्रसाद प्रजापति समाजवादी पार्टी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनकी पत्नी महाराजी प्रजापति वर्तमान में अमेठी विधानसभा क्षेत्र 186 से विधायक हैं। ऐसे में यह मामला राजनीतिक दृष्टि से भी संवेदनशील माना जा रहा है।

परिवार की सुरक्षा की मांग

घटना के बाद प्रजापति परिवार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस तरह की घटना से उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Location :  Amethi

Published :  27 May 2026, 9:53 AM IST