लोगों की सेहत से खिलवाड़, अमेठी में बिना लाइसेंस मिला खाद्य प्रतिष्ठान

अमेठी के कोटवा गांव में खस्ता और चाट खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच तेज कर दी है। जिसमें खाद्य प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के संचालित मिला।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 October 2026, 5:50 AM IST

Amethi: अमेठी के तिलोई तहसील क्षेत्र के कोटवा गांव में खस्ता और चाट खाने से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच तेज कर दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशुन चौहान ने प्रकरण की जांच के दौरान संबंधित दुकानदारों एवं खाद्य तेल के आपूर्तिकर्ता के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रिफाइंड सोयाबीन तेल के दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान मौके पर जानकारी मिली कि घटना वाले दिन मोहित गुप्ता पुत्र राजकुमार, निवासी मटेरवा,  द्वारा कोटवा गांव में खस्ता और चाट का ठेला लगाया गया था। उक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की शिकायत सामने आई थी।

जांच के दौरान मिली कमियां

प्रकरण की जांच के क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मटेरवा गांव पहुंचकर राजकुमार पुत्र श्रीराम के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर खस्ता उपलब्ध नहीं मिला, जबकि खस्ता तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला रिफाइंड सोयाबीन तेल पाया गया।

दिल्ली समेत 6 राज्यों में SIR की समय सीमा बढ़ी, इस तिथि तक नाम जुड़वाने का मौका

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तेल का नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस भी नहीं पाया गया।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खराब चाट एवं खस्ता खिलाने के प्रकरण में राजकुमार और मोहित गुप्ता के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद दायर किया जा रहा है। जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान की ओर से रिफाइंड सोयाबीन तेल शिवकुमार साहू पुत्र श्री लालता प्रसाद, निवासी मटेरवा से खरीदने की जानकारी दी गई।

अमेठी पुलिस के चक्रव्यूह में फंसा जिला बदर आरोपी, साथी भी गिरफ्तार

जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शिवकुमार साहू के प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया और वहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से संग्रहित नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Amethi

Published :  30 October 2026, 5:39 AM IST