
नो-एंट्री में एंट्री दिलाने का आरोप (Source: Dynamite News)
Amethi: अमेठी में यातायात पुलिस में तैनात एक सिपाही का कथित तौर पर ट्रक चालक से रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने प्रथम दृष्टया आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
वायरल वीडियो में यातायात ड्यूटी पर तैनात सिपाही कथित रूप से एक ट्रक चालक से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि ट्रक को नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश दिलाने के बदले रिश्वत ली गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार यह मामला अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित गुलाबगंज चौराहे का है। वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले सिपाही की पहचान मोहम्मद आरिफ के रूप में बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुसाफिरखाना अतुल सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइक हमारी, पेट्रोल हमारा… फिर कमाई का फैसला कौन करेगा? बरेली में स्विग्गी राइडर्स का प्रदर्शन
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Amethi
Published : 26 July 2026, 4:51 PM IST