रायबरेली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने माघ मेले में बटुकों के अपमान, डिप्टी सीएम की भूमिका और सीएम के जापान दौरे पर तीखा हमला बोला। साथ ही ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।

डिप्टी सीएम पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हमला
Raebareli: अखिलेश यादव ने रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। लखनऊ से फतेहपुर जाते समय वे रायबरेली में रुके, जहां सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने माघ मेले में बटुकों के कथित अपमान के मुद्दे पर सरकार को घेरा और कई सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि माघ मेले में जिन बटुकों का अपमान हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने डिप्टी सीएम के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि जिन लोगों ने अपमान किया है, उन्हें पाप मिलेगा। इस पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा, "पाप मिलेगा कहना काफी नहीं है, कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? सजा क्यों नहीं दिलवाई जा रही?"
उन्होंने आगे कहा कि जब प्रदेश में दो-दो डिप्टी सीएम हैं तो वे दोषियों के खिलाफ ठोस कदम क्यों नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर चले जाते हैं, तो क्या डिप्टी सीएम वहां धरना देने जाएंगे? उनका इशारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जापान दौरे की ओर था।
शंकराचार्य विवाद सहित कई मुद्दों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान; जानिये क्या बोले? #Samajwadiparty #Akhileshyadav @Akhileshyadav @samajwadiparty pic.twitter.com/hcgBnTUw75
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 20, 2026
मुख्यमंत्री के जापान दौरे को लेकर भी अखिलेश यादव ने व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि “सीएम जापान जा रहे हैं, अच्छी वनस्पति के चक्कर में घूमने।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की मूल समस्याओं को छोड़कर सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है। अखिलेश ने कहा कि पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने 'यादव जी की लव स्टोरी' नामक फिल्म को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की लव स्टोरी है। उनके मुताबिक, पहले ब्राह्मण समाज को अपमानित करने के लिए फिल्म बनाई गई। उन्होंने कहा कि उस फिल्म का नाम भी वे नहीं लेना चाहते।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav का बड़ा बयान, मुस्लिम ध्रुवीकरण के सवाल पर BJP पर साधा निशाना जानिये क्या बोले? #AkhileshYadav #Samajawadiparty @Akhileshyadav @Samajwadiparty pic.twitter.com/tybVVLNmW3
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 20, 2026
अखिलेश ने सवाल किया कि जो समाज ईमानदार है, उसे फिल्म में किस तरह से दिखाया जा रहा था? उन्होंने आरोप लगाया कि समाजों को बांटने और एक-दूसरे के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है।
रायबरेली में रुकने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है।