लखनऊ में अखिलेश यादव ने खोले कई पत्ते! ‘छात्र सप्ताह’ से ‘नीले रंग’ तक, जानिए और किन मुद्दों पर की बात

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने सामाजिक सौहार्द, संविधान और सामाजिक न्याय को लेकर सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने दो हफ्ते का ‘छात्र सप्ताह’ मनाने का ऐलान किया और कॉलेज-यूनिवर्सिटी में जाकर छात्रों को पार्टी से जोड़ने की बात कही।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 September 2026, 3:35 PM IST
google-preferred

Lucknow: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक तरफ सामाजिक सौहार्द और संविधान की बात की तो दूसरी तरफ युवाओं और छात्रों को पार्टी से जोड़ने का नया सियासी प्लान भी सामने रख दिया। सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया कि पार्टी अब दो हफ्ते का ‘छात्र सप्ताह’ मनाएगी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कॉलेज और यूनिवर्सिटी में जाकर छात्रों से संपर्क करेंगे और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की कोशिश करेंगे।

दो हफ्ते का ‘छात्र सप्ताह’ मनाएगी सपा

अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान सबसे बड़ा ऐलान छात्रों को लेकर किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी दो हफ्ते का छात्र सप्ताह मनाएगी। इस दौरान पार्टी के लोग कॉलेज और यूनिवर्सिटी में जाएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। अखिलेश ने कहा कि छात्रों को जोड़ने के साथ-साथ PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साथ जोड़ने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पार्टी का लक्ष्य सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाना है।

‘सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य’

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मकसद सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है। उन्होंने सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने की बात कही। उनका जोर इस बात पर रहा कि समाज के अलग-अलग वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भेदभाव नहीं करती। उनके मुताबिक समाज में अगर आपसी सौहार्द मजबूत होगा तो उसका सीधा असर भविष्य पर पड़ेगा। अखिलेश ने लोकतंत्र और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का हवाला देते हुए कहा कि यही रास्ता समाज को आगे ले जाने वाला है।

12 घंटे में मस्जिद गिराने की क्या जल्दी थी? अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना, AI से लेकर सड़क तक उठाए सवाल

‘चंदा-चढ़ावा चोरी करने वाला सबसे बड़ा बहरूपिया’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने धार्मिक आस्था और चंदे-चढ़ावे को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भगवान से डरना चाहिए और जो चंदा या चढ़ावा चोरी कर रहा होगा, वह सबसे बड़ा बहरूपिया होगा। अखिलेश के इस बयान को धार्मिक संस्थानों और चंदे से जुड़े सवालों के संदर्भ में देखा जा रहा है। उन्होंने अपने बयान के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि आस्था के नाम पर किसी भी तरह की गड़बड़ी या चोरी को सही नहीं ठहराया जा सकता।

नीले रंग को लेकर भी अखिलेश ने कही बड़ी बात

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने नीले रंग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नीला रंग विचार के साथ बहुजन समाज के साथ रहा है और ब्लू कलर एक विचारधारा का भी प्रतीक है। अखिलेश का यह बयान भी सामाजिक न्याय और बहुजन राजनीति के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

‘सौहार्द होगा तो भविष्य बेहतर होगा’

अखिलेश यादव ने सामाजिक सौहार्द को लेकर भी सरकार की जिम्मेदारी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि समाज में जितना सौहार्द होगा, उतना ही भविष्य बेहतर होगा। उन्होंने लोकतंत्र और बाबा साहब के संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान भी समाज को इसी रास्ते पर चलने की दिशा दिखाता है। अखिलेश ने कहा कि अलग-अलग वर्गों के बीच भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है।

कन्नौज में रुके अखिलेश यादव: किसानों को दिया बड़ा भरोसा, बोले- सपा सरकार बनी तो दोगुना होगा वेजिटेबल पार्क

नई पीढ़ी और नई यूनिफॉर्म पर भी बोले अखिलेश

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी की सोच और यूनिफॉर्म को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की नई सोच होती है, इसलिए नई यूनिफॉर्म है। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म ‘यूनिफॉर्मिटी’ यानी एकरूपता लाती है।

PDA को मजबूत करने की तैयारी

अखिलेश यादव के प्रेस कॉन्फ्रेंस की सबसे अहम बात यही रही कि समाजवादी पार्टी अब छात्रों और युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। दो हफ्ते का छात्र सप्ताह मनाने और कॉलेज-यूनिवर्सिटी में जाकर छात्रों से संपर्क करने का ऐलान इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  8 September 2026, 3:33 PM IST

Related News

Advertisement