
Raebareli : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। यह दौरा केवल औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
आगमन और कार्यक्रम की रूपरेखा
जानकारी के अनुसार वह समाजवादी पार्टी विधायक राहुल लोधी के घर चाय पर चर्चा करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि अखिलेश पहली बार चुनाव के लिए बनाए गए PDA रथ से विधायक के घर पहुंचेंगे। रायबरेली में सपा विधायक राहुल लोधी और पुलिस के बीच हुए विवाद के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनके घर जाने का ऐलान किया।
गौरतलब है कि 17 सितंबर को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच में जमकर कहासुनी हुई थी। धक्का-मुक्की के बाद मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंचा था।
इस मामले को लेकर के विधायक राहुल लोधी ने अखिलेश यादव के सामने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे मामले को लेकर के जब जिले के एसपी से शिकायत की गई तो उन्होंने मीटिंग का हवाला देते हुए मिलने से मना कर दिया वहीं दूसरी तरफ एबीवीपी के कार्यकताओं के साथ वो बैठकर चाय पी रहे थे। उन्होंने शहर कोतवाल को हटाने की मांग की है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह दौरा बरेली में संगठन को मजबूत करने और नए सिरे से राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। स्थानीय स्तर पर भी इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, दूसरी ओर अखिलेश यादव के आगमन की सूचना जारी होते ही बरेली प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी।
अखिलेश यादव का रायबरेली दौरा और विधायक राहुल लोधी के घर चाय पीने जाना लोधी समाज को साधने के नजरिए से भी देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लोधी समाज का वोट बैंक एक करोड़ से ज्यादा है। ऐसे में अखिलेश यादव का राहुल लोधी के घर जाना सपा की ओर से इस मामले को लेकर राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
रायबरेली दौरे के दौरान अखिलेश यादव की स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
Location : Raebareli
Published : 19 September 2026, 11:22 PM IST