हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आज अयोध्या दौरा (सोर्स- एक्स)
Ayodhya: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज (गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026) शाम 3 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरे को लेकर स्थानीय राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। अपने इस दौरे के दौरान वह किसी राजनीतिक रैली या जनसभा में नहीं, बल्कि एक धार्मिक आयोजन में शिरकत करने जा रहे हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का मुख्य कार्यक्रम अयोध्या के कृष्णापुर गांव में है। यहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यमंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के पैतृक आवास पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान पवन पांडेय के परिवार द्वारा उनकी माताजी की स्मृति में आयोजित कराया गया है। राज भूषण पांडेय के निमंत्रण पर अखिलेश यादव इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंच रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 3 बजे आयोजन स्थल पर शिरकत करेंगे, जहां वे कथा श्रवण करने के साथ-साथ व्यास पूजन भी करेंगे।
श्रीमद्भागवत कथा के इस पावन अनुष्ठान में प्रख्यात कथा व्यास डॉ राघवाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे और उनके भाई पंकज पांडे पूरी तरह से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में सपा के कई अन्य दिग्गज नेता भी पहुंच रहे हैं, जिनमें पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हैं। नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी के कारण इस धार्मिक अनुष्ठान ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा बटोर ली है।
भले ही यह एक निजी और धार्मिक कार्यक्रम हो, लेकिन आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इसे हिंदू मतदाताओं, खासकर ब्राह्मण समाज को साधने की एक सोची-समझी रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन के बहाने समाजवादी पार्टी का यह शक्ति प्रदर्शन क्षेत्रीय स्तर पर खास मायने रखता है।
अखिलेश यादव के इस अयोध्या दौरे को लेकर एक और बात सबसे ज्यादा चर्चा में है, वह यह कि उनके आज के तय आधिकारिक कार्यक्रम में राम मंदिर जाने का कोई उल्लेख नहीं है। राम मंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा है, लेकिन सपा सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव ने यह संकल्प लिया है कि इटावा (सैफई) में निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद ही वे सपरिवार रामलला के दर्शन करने अयोध्या आएंगे।
सपा प्रमुख के आगमन को लेकर कृष्णापुर गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Location : Ayodhya
Published : 8 October 2026, 10:13 AM IST