हिंदी
पुलिस ने सपा नेताओं को किया हाउस अरेस्ट (Img: Dynamite News)
Mainpuri: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी क्रम में मैनपुरी में भी प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश सचिव नीलम यादव और लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष रावल सिंह यादव को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। पुलिस सुबह से ही दोनों नेताओं के आवास पर तैनात रही और उन्हें बाहर निकलकर प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई।
ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर मिर्जापुर में भड़के सपा कार्यकर्ता, कई हिरासत में और कई नेताओं को किया नजरबंद
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद नीलम यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन को भी रोका जा रहा है। नीलम यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की आड़ में भाजपा के लोगों को भेजकर प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार कराया जा रहा है और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरता की जा रही है।
ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव और डिंपल से मिलीं नेहा बोरा, छात्रों से मुलाकात के बाद सपा प्रमुख ने लिखी ‘मुखिया जी के दरवाजे पर’ कविता
वहीं लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष रावल सिंह यादव ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन करना जनता का संवैधानिक अधिकार है। उनका आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी मनमानी पर उतारू है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाना उचित नहीं है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विपक्ष के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Location : Mainpuri
Published : 22 July 2026, 8:13 PM IST